कमतौल थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी मोहम्मद सितारे नदाफ के घर बुधवार को कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने यह कार्रवाई की, क्योंकि आरोपी ने निर्धारित समय-सीमा में आत्मसमर्पण नहीं किया था। सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में कमतौल थाना पुलिस बुलडोजर और ट्रैक्टर के साथ आरोपी के घर पहुंची। कार्रवाई के दौरान घर से फर्नीचर, अलमारी, कुर्सी, टेबल, पलंग, दरवाजे-खिड़की सहित अन्य सामान जब्त कर थाने ले जाया गया। यह घटना 28 जनवरी 2026 की बताई जा रही है। पीड़िता के परिजनों ने 5 फरवरी 2026 को कमतौल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप है कि आरोपी मोहम्मद सितारे नदाफ, जो पहले से शादीशुदा और दो बच्चों का पिता है, नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिवार ने यह भी बताया कि आरोपी पहले धर्म परिवर्तन कर शादी करने की धमकी देता रहा था। घटना के दिन परिवार के सदस्य एक दुर्घटनाग्रस्त रिश्तेदार को अस्पताल ले गए थे, उसी दौरान आरोपी घर में घुसकर लड़की को जबरन उठा ले गया। पीड़ित पिता के अनुसार, वर्ष 2025 में आरोपी ने उनके घर में घुसकर लूटपाट की थी, जिसके संबंध में कांड संख्या 195/25 दर्ज हुआ था और आरोपी को जेल भी जाना पड़ा था। परिवार का आरोप है कि जेल से छूटने के बाद वह लगातार धमकी दे रहा था कि “केस क्यों किया, तुम्हारे घर की बहू-बेटी को उठा ले जाऊंगा।” पुलिस के अनुसार, इस मामले में मोहम्मद सितारे नदाफ के अलावा मो. चमन, मो. अनवर, मो. जमाहिर नदाफ और जमीला खातून को भी नामजद अभियुक्त बनाया गया है। सभी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन वे फिलहाल फरार हैं। न्यायालय से आदेश मिलने के बाद पुलिस ने 19 फरवरी को आरोपियों के घर डुगडुगी बजाकर इश्तेहार चस्पा किया था। उन्हें निर्धारित समय-सीमा में आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई थी। समय-सीमा समाप्त होने के बाद बुधवार को कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। सदर एसडीपीओ-टू शुभेन्द्र कुमार सुमन ने बताया कि इश्तेहार चिपकाए जाने की रात आरोपी आया था और उसकी फोटो लेकर सोशल मीडिया पर अपलोड भी की थी। पीड़िता का परिवार बच्ची की शीघ्र बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर स्तर पर कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। कुर्की की कार्रवाई में जाले के सीओ और कमतौल के थाना प्रभारी संजीव कुमार चौधरी के साथ पुलिसकर्मी मौजूद रहे। एसडीपीओ ने आगे बताया कि कार्रवाई जारी रहेगी और छापेमारी की जा रही है।