हरियाणा के पंचकूला में महिला थाना टीम ने नाबालिग साली के साथ यौन शोषण और छेड़खानी करने के आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी उत्तर प्रदेश का मूल निवासी है, जो वर्तमान में पंचकूला में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। घटना का खुलासा तब हुआ, जब पंचकूला के एक स्कूल में एक हेल्थ एजुकेटर द्वारा आयोजित सत्र के दौरान 13 वर्षीय छात्रा ने अपनी आपबीती साझा की। पीड़िता ने बताया कि जून 2024 में, जब उसका परिवार पंजाब में रह रहा था और तब उसके दूर के जीजा ने घर पर अकेले पाकर उसके साथ गलत हरकतें और छेड़खानी की। इसके बाद, अक्टूबर 2024 में जब पीड़िता आरोपी के घर गई, तो वहां आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पहले जीरो FIR, अब पोक्सो एक्ट में केस चूंकि, अपराध की शुरुआत पंजाब से हुई थी, इसलिए पंचकूला पुलिस ने पहले 28 नवंबर 2025 को जीरो एफआईआर दर्ज की थी। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, अब पंचकूला के महिला थाना में 31 मार्च को पॉक्सो एक्ट व भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। जांच अधिकारी एएसआई सुदेश कुमारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश की और उसे 2 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी अभिभावकों सतर्क रहने की सलाह दी डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने इस संवेदनशील मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि समाज में रिश्तों को कलंकित करने वाले और मासूम बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के लिए पंचकूला पुलिस के पास कोई जगह नहीं है। यह मामला दर्शाता है कि अगर स्कूल और अभिभावक सतर्क रहें, तो अपराधी बच नहीं सकते। हमने पॉक्सो एक्ट के तहत कड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए हैं ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।