महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में स्थित डंपिंग यार्ड में रविवार रात करीब 9 बजे भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद से ही फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी हुई हैं, लेकिन करीब 12 घंटे बीत जाने के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर तैनात हैं और लगातार प्रयास कर रही हैं। लगभग 10 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का पानी आग बुझाने में लग चुका है। यह डंपिंग यार्ड रघुनाथपुरा के पास पहाड़ियों के नीचे बना हुआ है। आग लगने के कारण पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। जिससे आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह तक भी इलाके में काला धुआं उठता रहा, जिसके कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। 250 टन कचरा जला आग लगने के कारण ठेकेदार का करीब 250 टन कचरा जल गया। आग करीब एक किलोमीटर के दायरे में फैली हुई है। इससे आसपास के मकानों तक फैलने का खतरा बना हुआ है। जिसके कारण आसपास के लोग परेशान हैं। नंदी गोशाला प्रभावित डंपिंग यार्ड के पास ही स्थित नंदी गोशाला भी इस आग से प्रभावित हो रही है। गोशाला के सेवक राहुल वर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह करीब नौ बजे तक भी भयंकर धुआं उठ रहा था, जिससे गोशाला में मौजूद गायों का दम घुटने लगा है और पशु भी काफी परेशान हैं। आसपास काफी आबादी स्थानीय लोगों के अनुसार डंपिंग यार्ड के आसपास काफी आबादी रहती है, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। इसके अलावा पास की पहाड़ियों पर सूखी घास और लकड़ी होने के कारण आग के और अधिक फैलने का खतरा भी बना हुआ है। लोगों की प्रशासन से अपील लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आग पर पूरी तरह काबू पाया जाए और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।