महेंद्रगढ़ जिला में एक अजीब मामला सामने आया है, जहां एक बाइक का सीट बेल्ट का चालान काट दिया गया। बाइक मालिक अब इस बात को लेकर असमंजस में है कि वह ऐसा चालान कैसे भरे, जबकि दोपहिया वाहन में सीट बेल्ट होती ही नहीं। मामला सामने आने के बाद परिवहन नियमों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। बाइक मालिक व गांव फैजाबाद के पूर्व सरपंच राजपाल ने बताया कि 13 फरवरी को उसकी स्प्लेंडर बाइक उनका बेटा एकांश यादव लेकर खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव के पास सिहार रोड पर स्थित टाइल फैक्ट्री के नजदीक पुलिस ने बाइक को रुकवाया। बताया गया कि युवक खेत में जाने के लिए निकला था, लेकिन पुलिस ने वाहन को रोककर इंपाउंड कर दिया। सीट बेल्ट का भी काटा चालान राजपाल के अनुसार जब वे पुलिस चौकी फैजाबाद पहुंचे, तो पता चला कि बाइक का ऑनलाइन चालान काट दिया गया है। सबसे हैरानी की बात यह रही कि चालान में सीट बेल्ट उल्लंघन भी दर्ज है, जबकि बाइक पर सीट बेल्ट का प्रावधान ही नहीं होता। इसके अलावा कुछ अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन भी दर्ज बताए जा रहे हैं। कागज दिखाने पर भी नहीं कैंसिल बाइक मालिक का कहना है कि उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी और प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद हैं, जो पुलिस को दिखा भी दिए गए थे। इसके बावजूद चालान कैंसल नहीं किया गया। अब वह महेंद्रगढ़ रोड–कनीना रोड क्षेत्र में अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं और चालान ठीक करवाने की गुहार लगा रहे हैं। चालान रद्द करने की मांग राजपाल ने प्रशासन से मांग की है कि तकनीकी गलती को सुधारते हुए गलत चालान को रद्द किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।