महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में गांव गोद बस अड्डे के पास हुए सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। तेज रफ्तार ईको गाड़ी ने सड़क किनारे खड़े किशोर को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल किशोर को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूध लेने गए थे पिता, बेटा और भांजा गांव दौचाना निवासी अजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह झुंझुनू जिले के गांव सोनासर अहीरों की ढाणी निवासी किरण के साथ विवाहित है। उसका साला विजय सिंह का बेटा प्रीतम कुमार यादव पिछले करीब 15 दिनों से उनके पास रह रहा था। अजीत सिंह ने बताया कि बीते दिन वह अपने बेटे क्रिस और भांजे प्रीतम के साथ दूध लेने के लिए गांव गोद गए थे। क्रिस और प्रीतम बस अड्डे के पास सड़क किनारे खड़े थे, जबकि वह उनसे कुछ दूरी पर था। इसी दौरान सिंघाना की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक ईको गाड़ी ने सड़क किनारे खड़े प्रीतम को टक्कर मार दी। अस्पताल में तोड़ा दम हादसे में प्रीतम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत निजी साधन से रेनबो अस्पताल, नारनौल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल नारनौल भेजा गया। पुलिस ने दर्ज किया मामला सूचना मिलने पर पुलिस चौकी गहली से एएसआई अशोक कुमार टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 व 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।