नारनौल में बस की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल:गुस्साए लोगों ने रोड किया जाम; कपड़े खरीद कर घर लौट रहा था

महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल शहर के व्यस्त महावीर चौक पर दोपहर बाद एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब हरियाणा रोडवेज की एक बस की चपेट में बाइक आ गई और बाइक बस के नीचे फंस गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल युवक की पहचान गांव जैलाफ के कर्मवीर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कर्मवीर शहर की पार्क गली से कपड़े खरीदकर अपनी बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान महावीर चौक पर बस की चपेट में आने से वह घायल हो गया। 30 मिनट रोड किया जाम आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसके परिजनों और गांव के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने महावीर चौक पर जाम लगा दिया, जिससे शहर का मुख्य चौराहा करीब 30 मिनट तक बाधित रहा। पुलिस ने खुलवाया जाम जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना था कि सूचना मिलने के 30 मिनट तक सहायता के लिए प्रशासन की ओर से कोई नहीं पहुंचा। वहीं बाद में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। मामले की जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने घायल कर्मवीर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और बस ड्राइवर से भी पूछताछ की जाएगी। घटना के कारण दोपहर के समय शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *