महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल क्षेत्र में बुधवार रात एक चलते हुए ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा नेशनल हाईवे नंबर-11 पर गांव खटोटी के पास हुआ। आग लगते ही ट्रक चालक और ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रक को सड़क किनारे रोक दिया और कैबिन से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ट्रक पार्सल से भरा हुआ था और नारनौल से राजस्थान के झुंझनू की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्रक के केबिन में अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण कैबिन में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। लोगों ने दी दमकल को सूचना आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को जानकारी दी। सूचना पाकर दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की वजह से नेशनल हाईवे-11 पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कैबिन में हुआ नुकसान दमकल कर्मियों द्वारा आग बुझाने के बाद स्थिति सामान्य हुई और यातायात को फिर से सुचारु रूप से शुरू कराया गया। हालांकि आग की घटना में ट्रक के कैबिन और कुछ सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। समय रहते पाया काबू इस बारे में गहली चौक पुलिस चौकी के थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि ट्रक में शार्ट सर्किट की वजह से आग लग गई थी। जिसको समय रहते काबू पा लिया गया। घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ।