महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में निजामपुर रोड स्थित एक होटल पर खाना गर्म करने को लेकर हुए विवाद में होटल संचालक और उसके साथियों द्वारा तीन युवकों पर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर होटल संचालक सहित 7-8 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव बसीरपुर निवासी विवेक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने चचेरे भाई विपुल यादव और पड़ोसी आशीष के साथ बीती रात गांव बड़ौली में एक बारात में शामिल होकर लौट रहा था। करीब ढाई से तीन बजे के बीच वे निजामपुर रोड स्थित बल्ली होटल पर खाना खाने के लिए रुके। ठंडी दाल देने पर हुआ विवाद विवेक के अनुसार, होटल कर्मचारियों ने उन्हें ठंडी दाल और रोटी दी। जब उन्होंने खाना गर्म करने के लिए कहा तो कर्मचारियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर होटल संचालक वीरेन्द्र उर्फ बल्ली अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। कुल्हाड़ी और रॉड से किया हमला आरोप है कि सभी ने मिलकर लोहे की रॉड, डंडों और कुल्हाड़ी से तीनों युवकों पर हमला कर दिया। इस हमले में विपुल का सिर फट गया, आशीष के पैरों में चोटें आईं और विवेक को भी सिर व पैरों में गंभीर चोटें लगीं। गाड़ियों में तोड़फोड़, जान से मारने की धमकी शोर-शराबा सुनकर जब सड़क से गुजरने वाली गाड़ियां दिखीं तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने पीड़ितों की दोनों गाड़ियों में भी तोड़फोड़ कर करीब 22-23 हजार रुपये का नुकसान कर दिया। झगड़े के दौरान एक सोने की चेन, घड़ी और मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया। एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाए गए घायल घटना के बाद घायलों ने 112 पर कॉल कर एंबुलेंस बुलाई। उन्हें सिविल अस्पताल नारनौल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी शहर थाना नारनौल पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर होटल संचालक वीरेन्द्र उर्फ बल्ली सहित 7-8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।