राजस्थान के दौसा स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते जहां 4 अप्रैल को रेल यातायात प्रभावित रहेगा, वहीं इसका फायदा नारनौल के यात्रियों को भी मिलने जा रहा है। मार्ग परिवर्तन के कारण कई प्रमुख ट्रेनें इस दिन नारनौल स्टेशन पर ठहरेंगी, जिससे स्थानीय लोगों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार जयपुर-बांदीकुई रेलखंड पर ब्लॉक के चलते कई ट्रेनों के रूट बदले गए हैं। गाड़ी संख्या 12915 साबरमती-दिल्ली रेलसेवा अब फुलेरा-जयपुर-अलवर-रेवाड़ी के बजाय फुलेरा-रींगस-रेवाड़ी मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन रींगस, नीम का थाना के साथ नारनौल स्टेशन पर भी रुकेगी। नारनौल होगा ठहराव इसी तरह गाड़ी संख्या 15014 काठगोदाम-जैसलमेर रेलसेवा और गाड़ी संख्या 20964 वाराणसी-साबरमती रेलसेवा भी परिवर्तित मार्ग रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा होकर चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों का ठहराव भी नारनौल, नीम का थाना और रींगस स्टेशनों पर रहेगा। यात्रियों को होगा फायदा इन दोनों ट्रेनों का यह रूट नहीं है, ऐसे में एक दिन के लिए ही सही, लेकिन स्थानीय यात्रियों को लंबी दूरी की ट्रेनों का सीधा लाभ मिलेगा। इससे दिल्ली, गुजरात और राजस्थान की ओर जाने वाले यात्रियों को खास सुविधा मिलेगी।