नालंदा में अनियंत्रित पिकअप ने बच्ची को रौंदा:स्कूल से लौट रही 7 वर्षीय छात्रा की मौत, दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल

नालंदा जिले में एक सड़क हादसे में 7 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। रहुई थाना क्षेत्र के बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग पर सोनसिकरा मोड़ के पास एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने स्कूल से लौट रहे तीन बच्चों को टक्कर मार दी। इस घटना में एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना बुधवार को हुई जब सोनसिकरा गांव निवासी भूषण चौहान की पुत्री कामिनी कुमारी (7 वर्ष), अनुज चौहान के पुत्र सुमित कुमार और शशिभूषण चौहान के पुत्र अधिराज कुमार अलीपुर स्थित स्वामी विवेकानंद इंग्लिश स्कूल से घर लौट रहे थे। तीनों बच्चे पैदल थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद कामिनी कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सुमित कुमार और अधिराज कुमार को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित, बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग जाम किया घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात घंटों बाधित रहा। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों के लिए उचित मुआवजे और फरार पिकअप चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलने पर बिंद थाना प्रभारी चंदन कुमार सिंह और रहुई थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर और सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजे का आश्वासन देकर लगभग दो घंटे बाद सड़क जाम खुलवाया। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *