नालंदा में आज रामनवमी पर निकलेगी भव्य शोभा यात्रा:चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा; घुड़सवार पुलिसकर्मी लगातार गश्ती करेंगे

रामनवमी को लेकर आज नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ में भक्ति और भव्यता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। पिछले साल के अनुभवों से सबक लेते हुए प्रशासन ने इस बार सुरक्षा के ऐसे पुख्ता इंतजाम किए हैं कि शहर एक अभेद्य किले में तब्दील हो गया है। शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में शोभायात्रा संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने सुरक्षा तैयारियों की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए पूरे जिले में लगभग 4500 पुलिस बल और भारी संख्या में दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। 54 संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर विशेष बल नियुक्त शहर के 54 संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर वहां विशेष बल नियुक्त किए गए हैं। इस बार भीड़ नियंत्रण के लिए तकनीक के साथ-साथ पारंपरिक तरीकों का भी सहारा लिया जा रहा है, जिसके तहत 10 घुड़सवार पुलिसकर्मी (माउंटेड फोर्स) लगातार गश्ती करेंगे। प्रशासन की पैनी नजर केवल सड़कों पर ही नहीं, बल्कि डिजिटल माध्यमों पर भी है। नगर निगम और पुलिस के आईटीसीसी कंट्रोल रूम से जुड़े लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि की क्लोज मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वाट (SWAT) टीम और दंगा निरोधक दस्ते ने पहले ही मॉक ड्रिल कर अपनी तैयारी पूरी कर ली है। पुलिस मुख्यालय से भारी मात्रा में आंसू गैस के गोले मंगाए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति पर तुरंत काबू पाया जा सके। असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रशासन ने ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ करते हुए पहले ही बड़ी निरोधात्मक कार्रवाई की है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 के तहत जिले के लगभग साढ़े सात हजार लोगों को नोटिस जारी किया गया है, जिनमें से पांच हजार को पाबंद किया जा चुका है। इसके अलावा, 109 उपद्रवियों पर सीसीए (क्राइम कंट्रोल एक्ट) के तहत कार्रवाई की गई है। शोभायात्रा में अनुशासन बनाए रखने के लिए डीजे के उपयोग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। डीजे मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगा एसपी ने कड़ी चेतावनी दी है कि यदि किसी ने नियमों का उल्लंघन किया, तो न केवल साउंड सिस्टम जब्त होगा, बल्कि डीजे मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे भविष्य के लिए भी प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। ध्वनि प्रदूषण के मानकों (80 और 75 डेसिबल) का पालन अनिवार्य किया गया है। सांस्कृतिक दृष्टिकोण से इस बार की शोभायात्रा काफी खास होने वाली है। स्थानीय विधायक डॉ. सुनील कुमार के नेतृत्व में निकलने वाली इस यात्रा में आधुनिक चकाचौंध के बजाय पारंपरिक लोक संस्कृति को प्राथमिकता दी गई है। झारखंड से आए कलाकारों का दल ‘सिंघा बाजा’ की गूंज से वातावरण को भक्तिमय बनाएगा, वहीं ग्रामीण अंचलों की मंडलियां ढोलक और झाल की थाप पर भजन-कीर्तन करेंगी। सुरक्षा कारणों से इस बार भी जुलूस के मार्ग में बदलाव रखा गया है। यात्रा श्रम कल्याण केंद्र के मैदान से शुरू होकर भराव चौराहा, महिला कॉलेज, आलमगंज, पुल पर, नवाब रोड और सालेगंज मोड़ होते हुए टाउन स्कूल मोड़ पहुंचेगी और अंततः बाबा मनीराम अखाड़ा परिसर में संपन्न होगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *