नालंदा में बुधवार को सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। मामला सारे थाना क्षेत्र के दामचक गांव का है। मृतक की पहचान अस्थावां थाना क्षेत्र के कुलती गांव के रहने वाले स्व.श्याम सुंदर सिंह के बेटे (30) पिंटू कुमार के रूप में की गई। मृतक के भतीजे शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पिंटू कुमार मंगलवार की शाम मजदूरों को लेकर दामचक स्थित ईंट भट्ठा गए हुए थे। जहां से वह वापस नहीं लौटे, देर शाम होने के बाद जब फोन किया गया तो फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था। खोजबीन के क्रम में बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने सूचना दी कि दामचक स्थित सड़क किनारे गड्ढे में ई- रिक्शा पलटी हुई है। सूचना पर जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तब वहां पिंटू कुमार 20 फीट गड्ढे में मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी
पिंटू ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। आशंका जताई जा रही कि ई-रिक्शा अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गड्ढे में चली गई। जिसके कारण चालक की मौत हो गई। सारे थाना अध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से सड़क किनारे गड्ढे में शव मिलने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव की पहचान कर पोस्टमॉर्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया गया। आवेदन मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।