नालंदा में मस्जिद के पास डीजे बजाने पर झड़प:पुलिस ने कराया मामला शांत, इलाके में भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती

नालंदा के मोगलकुआं इलाके में मंगलवार की रात बारात में डीजे बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गई। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला तुरंत शांत करा लिया गया। एहतियात के तौर पर इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। नमाज के दौरान बारात गुजरने से हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, सोहसराय थाना क्षेत्र के बॉली पर से होते हुए एक बारात मोगलकुआं मस्जिद के पास से गुजर रही थी। बारात में डीजे बज रहा था। उसी समय मस्जिद में दूसरे समुदाय के लोग नमाज अदा कर रहे थे। नमाजियों ने डीजे की आवाज पर आपत्ति जताई और उसे बंद करने को कहा। इसी बात को लेकर बारात में शामिल लोगों और वहां मौजूद दूसरे पक्ष के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस हल्की झड़प में तब्दील हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। डायल 112 की सूचना पर कई थानों की पुलिस पहुंची घटना के वक्त मौके पर मौजूद ‘डायल 112’ की पुलिस टीम ने स्थिति की नजाकत को भांपते हुए तुरंत वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आनन-फानन में कई थानों की पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर अलग किया और मामले को शांत कराया। पुलिस इलाके में गश्त कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। इलाके में पुलिस कैंप कर रही है सोहसराय थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश ने बताया कि मस्जिद के पास से एक बारात गुजर रही थी। डीजे पर गाना बजाने को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई थी, जिसके बाद विवाद की स्थिति बनी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत करा लिया है। किसी तरह की कोई बड़ी घटना नहीं हुई है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल कैंप कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *