हरियाणा के नूंह जिले में बुधवार को दिल्ली-अलवर रोड पर एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। यह घटना थाना सिटी फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव रंगाला के पास हुई, जहां एक पिकअप (टाटा ऐस) और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मिनी ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान गांव नागल शाहपुरी, थाना नगीना निवासी सेफ खान उर्फ पहमुदीन (18), रशीदन पत्नी आस मोहम्मद (62) और जाहिदा पत्नी पहलू (38) के रूप में हुई है। ये तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। रंगाला गांव के पास पहुंचते ही उनकी बाइक सामने से आ रहे टाटा ऐस मिनी ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर जा गिरे प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर तक जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तीनों घायलों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। ड्राइवर की हालत नाजुक सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गंभीर रूप से घायल टाटा ऐस ड्राइवर को अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस हादसे से गांव नागल शाहपुरी में शोक का माहौल है, क्योंकि मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।