हरियाणा के नूंह में केंद्रीय बजट का लाइव प्रसारण देने के लिए भाजपा की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। बजट का प्रसारण देने के लिए एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी। जिले के भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष निशा सैनी ने केंद्रीय बजट 2026–27 को हरियाणा सहित नूंह-मेवात क्षेत्र के लिए विकास का ऐतिहासिक अवसर बताया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में प्रस्तुत यह बजट राज्य के विकास को नई दिशा देने वाला है। सुरेंद्र सिंह पिंटू और निशा सैनी ने बताया कि केंद्र सरकार ने कुल बजट आकार 53.5 लाख करोड़ रुपए रखा है, जबकि पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) को बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपए किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 9 प्रतिशत अधिक है। इससे सड़क, रेल, औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसरों को मजबूती मिलेगी। हरियाणा को मजबूत वित्तीय सहायता मिलेगी- पिंटू उन्होंने कहा कि बजट में राज्यों को 1.4 लाख करोड़ रुपए का अतिरिक्त कर हिस्सा देने की घोषणा से हरियाणा को मजबूत वित्तीय सहायता प्राप्त होगी। इसका सीधा लाभ शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में दिखाई देगा। भाजपा नेताओं ने विशेष रूप से कहा कि इस बजट का लाभ नूंह-मेवात क्षेत्र को भी मिलेगा। यहां सड़क निर्माण, कृषि सुधार, युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।