नूंह जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को रील बनाते समय एक हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी की चपेट में आने से 12वीं कक्षा के एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त बाल-बाल बच गए। मृतक छात्र की पहचान मोइन (19) पुत्र याकूब निवासी गांव शाहपुर नगली के रूप में हुई है। मोइन 12वीं कक्षा का छात्र था और शनिवार को अपने दो दोस्तों के साथ दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर घूमने गया था। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक्सप्रेस-वे के 59 नंबर चैनल के पास पहुंचे। उन्होंने अपनी बाइक हाईवे के नीचे खड़ी कर दी और फिर सड़क पर जाकर मोबाइल से रील बनाने लगे। तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर
इसी दौरान, अचानक तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप गाड़ी ने मोइन और उसके दोस्तों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोइन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके दो दोस्त टक्कर लगने से दूर जा गिरे, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा जिला अस्पताल भिजवा दिया। फिरोजपुर झिरका पुलिस कर रही जांच
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में सूचना दी गई। परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। फिरोजपुर झिरका थाना प्रभारी सुभाषचंद्र ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और पिकअप वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि एक्सप्रेस-वे जैसी तेज रफ्तार सड़कों पर रुककर रील बनाने या अनावश्यक गतिविधियां करने से बचें, क्योंकि इससे गंभीर हादसे हो सकते हैं।