नूरपुर कॉलोनी में व्यक्ति ने लगाई फांसी, कमरे से शराब की बोतल मिली

जालंधर | नूरपुर कॉलोनी में 44 वर्षीय विशाल दीप ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही थाना आठ की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। जानकारी के अनुसार घटना के समय विशाल दीप अपने कमरे में थे, जबकि उनका बेटा आशीष अपनी मां के साथ दूसरे कमरे में मौजूद था। जब आशीष किसी काम से पिता के कमरे में गया तो उसने उन्हें पंखे से लटका देखा। यह देखकर वह घबरा गया और शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। थाना आठ के प्रभारी स्टाइल चौधरी ने बताया कि कंट्रोल रूम से आत्महत्या की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई निर्मल सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे, हालांकि उन्होंने अपनी परेशानी किसी से साझा नहीं की थी। कमरे से एक शराब की बोतल भी बरामद की गई है। मृतक के बड़े भाई गुरमीत सिंह निवासी अमृतसर ने बताया कि दो दिन पहले ही विशाल उनसे मिलकर लौटे थे। उन्होंने कहा कि आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *