नेशनल प्लेयर को दिनदहाड़े अपराधियों ने गोली मारी:बेगूसराय में बाइक की सर्विसिंग कराकर लौट रहा था, ओवरटेक कर के फायरिंग की

बेगूसराय में सोमवार को बाइक सवार बदमाशों ने वॉलीबॉल के नेशनल प्लेयर गोविंद कुमार (20) को गोली मार दी। वारदात के बाद घायल खिलाड़ी को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, गंभीर हालत को देखते हुए प्राइवेट अस्पताल रेफर कर दिया गया गया। गोविंद को पीठ में एक गोली लगी है। बदमाशों ने ओवरटेक कर के फायरिंग की है। साल 2025 में आयोजित खेलो इंडिया गेम्स में गोविंद को बिहार वॉलीबॉल टीम का कप्तान बनाया गया। कप्तान के रूप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा घटनाक्रम… दिनदहाड़े अपराधियों ने मारी गोली सोमवार को दोपहर 3.30 बजे गोविंद अपनी बाइक की सर्विसिंग करवा कर हर-हर महादेव चौक से जीडी कॉलेज की ओर आ रहे थे। इसी दौरान 3 अपराधियों ने उनकी पीठ में गोली मार दी। खिलाड़ी को गोली किसने और क्यों मारी इसका पता अभी नहीं चल पाया है। हालांकि, बताया जा रहा है कि 2024 में दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी का बदला लेने के लिए बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। इस गोलिबारी में गोविंद के भाई को जेल हुई थी। गोली मारने के बाद तीनों अपराधी बजरंग चौक की ओर भाग गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर रतनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की सूचना मिलते ही परिजन पहुंच गए। घटना जिला मुख्यालय में नगर थाना क्षेत्र स्थित मीरगंज जीडी कॉलेज रोड की है। बिहार वॉलीबॉल टीम का कप्तान बनाया गया था बीए पार्ट-वन के छात्र गोविंद कुमार ने साल 2021 में 43वीं सब-जूनियर नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी पहचान बनाई। इसके बाद 2022, 2023 और 2024 में लगातार नेशनल गेम्स में बिहार का प्रतिनिधित्व करते रहे। उन्होंने खेलो इंडिया गेम्स में भी भागीदारी की। वर्ष 2025 में आयोजित खेलो इंडिया गेम्स में गोविंद को बिहार वॉलीबॉल टीम का कप्तान बनाया गया। कप्तान के रूप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया। इसी साल वाराणसी में आयोजित नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भी गोविंद ने अपने खेल से दर्शकों और चयनकर्ताओं को खासा प्रभावित किया। CCTV से अपराधियों की पहचान सदर-वन DSP आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि घायल गोविंद को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल से मिस फायर गोली और गोविंद की हार्ले डेविड्सन बाइक बरामद हुई है। 2024 की रंजिश से जुड़ रहा मामला मंझौल में साल 2024 में दो पक्षों के बीच गोलीबारी की घटना हुई थी। इस मामले में गोविंद कुमार और उनके भाई समेत 6 लोगों पर आरोप लगे थे। दोनों पक्षों की ओर से FIR दर्ज कराई गई थी। दूसरे पक्ष के अमित कुमार उर्फ बुटन सिंह ने गोविंद, उनके भाई गोपी सहित 6 लोगों को नामजद किया था। पुलिस जांच में गोविंद समेत 5 लोगों को राहत मिल गई थी, जबकि उनके भाई आदर्श भारती उर्फ गोपी को जेल जाना पड़ा था। इस मामले में गोविंद के भाई की ओर से भी आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कराया गया था। वहीं दूसरे पक्ष से जुड़े जिला परिषद पति रमण कुमार उर्फ चिंटू सिंह पर भी गोलीबारी के आरोप लगे थे, जिसके बाद उन्हें भी जेल जाना पड़ा था। एक युवक को हिरासत में लिया गया घटना के तुरंत बाद मंझौल DSP के नेतृत्व में पुलिस ने शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पुरानी रंजिश को भी ध्यान में रखा जा रहा है। SP मनीष ने बताया की पीठ में गोली लगी है। इलाज किया जा रहा है। घटना को गंभीरता से लेते हुए सदर-1 के नेतृत्व में नगर थाना की पुलिस टीम की ओर से सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है। इसके साथ ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *