पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र के सरासत गांव में गुरुवार को एक ढाई साल की बच्ची की नाले में गिरकर मौत हो गई। बच्ची आंगनबाड़ी केंद्र से लौट रही थी, तभी यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, बच्ची गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपने घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र गई थी। छुट्टी के बाद जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजन चिंतित हो गए। परिवार के लोग तुरंत आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे, जहां उन्हें बताया गया कि बच्ची छुट्टी के बाद जा चुकी है। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बच्ची की व्यापक खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। परिजनों को आशंका हुई कि बच्ची का अपहरण कर लिया गया है। इस संबंध में नौबतपुर थाने को सूचना दी गई और पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। खुले चैंबर पर ग्रामीणों की नजर पड़ी, संदेह होने पर डंडा डालकर देखा खोजबीन के दौरान ग्रामीणों की नजर गांव के एक नाले के खुले चैंबर पर पड़ी। परिजनों को संदेह हुआ कि बच्ची नाले में गिर गई होगी। जब डंडा डालकर देखा गया, तो बच्ची का थैला और कटोरा दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से मोटर लगाकर नाले से पानी निकालना शुरू किया। पानी निकलने के बाद बच्ची कीचड़ में फंसी हुई मिली। उसे तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मंजीत ठाकुर ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने खुले नालों को ढकने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। परिजनों ने आंगनबाड़ी सेविका पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि सेविका बच्ची को घर तक छोड़ने आती, तो यह हादसा टाला जा सकता था। मृतक बच्ची की पहचान रिया कुमारी के रूप में हुई है। मृतक अपने माता पिता की इकलौती संतान थी। पिता राकेश कुमार मजदूरी करते है।