हरियाणा के पंचकूला में ड्राइवर ने कारोबारी की फॉर्च्यूनर कार से लाखों रुपए चोरी कर लिए। गाड़ी से पैसे चुराने वाले ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रोहतक के कन्हेली गांव निवासी राजीव के तौर पर हुई है। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 21 फरवरी को सेक्टर-2 पुलिस चौकी में रियल एस्टेट कारोबारी विजय धवन ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अपने व्यवसाय के सिलसिले में अक्सर अपनी फॉर्च्यूनर कार में नकदी रखते हैं। 16 फरवरी को उनकी गाड़ी में करीब 3 लाख रुपए रखे हुए थे, लेकिन 17 फरवरी की सुबह जब उन्होंने चेक किया तो उसमें से 1 लाख 70 हजार रुपए गायब थे। इसके अगले दिन फिर से गाड़ी से 50 हजार रुपए की चोरी हुई। इस तरह आरोपी ने कार से कुल 2 लाख 20 हजार नकदी चोरी की। सेक्टर-5 थाना में इस संबंध में चोरी का मामला दर्ज किया गया। ड्राइवर पर गई शक की सुई मामले की जांच शुरू हुई तो शक की सुई व्यवसायी के 45 वर्षीय ड्राइवर राजीव पर टिकी, जो मूल रूप से रोहतक के कन्हेली का रहने वाला है और वर्तमान में पंचकूला के सेक्टर-2 में ही रह रहा था। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी राजीव को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने विश्वासघात करते हुए गाड़ी के रिमोट की एक डुप्लीकेट कॉपी बनवाई थी, जिसकी मदद से वह मौका पाकर गाड़ी खोलता और पैसे चोरी कर लेता था। नकदी बरामद कर ली है : DCP डीसीपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए पूरे 2 लाख 20 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं। आरोपी ने शिकायतकर्ता के भरोसे का फायदा उठाते हुए बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया, लेकिन हमारी क्राइम यूनिट ने त्वरित कार्रवाई के जरिए आरोपी को भागने का मौका नहीं दिया। हमने शत-प्रतिशत रिकवरी सुनिश्चित की है।