हरियाणा के पंचकूला में एक महिला टीचर ऑनलाइन डॉक्टर का नंबर तलाशते हुए साइबर ठगों के जाल में फंस गई। ठगों ने उसके बैंक खाते से 2 लाख 3 हजार 812 रुपए निकाल लिए। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डॉक्टर का नंबर खोजते हुए हुई ठगी पंचकूला के सेक्टर-23 निवासी सुनीता रानी ने बताया कि वह अभयपुर स्थित हिंदू मिडल स्कूल में टीचर है। वह अपने घर पर मोबाइल से ऑनलाइन लीवर के डॉक्टर का नंबर खोज रही थी। गूगल पर मिले एक नंबर पर कॉल किया तो सामने वाले ने कहा कि उसके पास अस्पताल से कॉल आएगी। अस्पताल के नाम पर भेजे पैसे, खाते से निकले लाखों रुपए कुछ देर बाद सुनीता रानी के पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि अस्पताल के अकाउंट में 10 रुपए भेजने होंगे ताकि अपॉइंटमेंट कन्फर्म हो सके। उसने कई बार पैसे भेजने की कोशिश की, लेकिन ट्रांजेक्शन नहीं हुआ। थोड़ी देर बाद उसके खाते से 1.32 रुपए किसी अस्पताल के नाम पर ट्रांसफर हो गए। इसके बाद दो दिनों में 11 ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2 लाख 3 हजार 812 रुपए उसके खाते से निकल गए। तब जाकर उसे साइबर ठगी का अहसास हुआ। पुलिस जांच में जुटी पंचकूला साइबर थाना के जांच अधिकारी एसआई भूप सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर भरोसा न करें और बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से बचें।