हरियाणा के पंचकूला में DC सतपाल शर्मा ने गिरदावरी की पड़ताल एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे की गहन समीक्षा की। इस दौरान कार्य में लापरवाही पाए जाने पर एक पटवारी को चार्जशीट करने तथा एक ट्रेनिंग कर रही पटवारी को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। पंचकूला डीसी सतपाल शर्मा वीरवार को विभिन्न गांवों का दौरा किया और लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर खेतों में पहुंचकर प्रत्येक खसरे का मिलान किया। निरीक्षण के दौरान पटवारी द्वारा दर्ज प्रविष्टियों और मौके पर मौजूद फसलों में कमियां पाई गईं। इस पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने हलका काजमपुर, तहसील रायपुररानी के पटवारी अमित को तत्काल प्रभाव से चार्जशीट करने के लिए जिला राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, ट्रेनिंग कर रही पटवारी मीनाक्षी को डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य पूर्ण न करने पर शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। स्क्रीनिंग प्लांट का निरीक्षण किया डीसी सतपाल शर्मा सबसे पहले गांव भूड़, तहसील रायपुररानी में गिरदावरी की पड़ताल की । इसके बाद उन्होंने वहां संचालित एक स्क्रीनिंग प्लांट का भी औचक निरीक्षण कर सरकार द्वारा जारी एसओपी का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने ब्लॉक बरवाला के गांव टाबर, सुल्तानपुर तथा कोट में भी गिरदावरी की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान पंचकूला चंद्रकांत कटारिया, जिला राजस्व अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, तहसीलदार पंचकूला सुरेश कुमार, नायब तहसीलदार हरदेव सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।