पंचकूला में डिलीवरी बॉय पर जानलेवा हमला:बर्फ तोड़ने वाले सुए से किए वार; एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

हरियाणा के पंचकूला में डिलीवरी बॉय पर बर्फ तोड़ने वाले सुए से हमला कर 2 बदमाशों ने घायल कर दिया। पीड़ित को गंभीर स्थिति में पंचकूला सेक्टर-6 अस्पताल लाया गया, जहां से उसे चंडीगढ़ सेक्टर-32 अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है। सेक्टर-17 की राजीव कॉलोनी निवासी युवक डिलीवरी बॉय के रूप में कार्य करता है, रात करीब 8 बजे अपने घर के पास समोसे लेकर लौट रहा था। गली में अंधेरा होने के दौरान उसकी मुलाकात अनिल कुमार और उसके साथी सूरज उर्फ कल्लू से हुई। पीड़ित द्वारा उन्हें घर जाने के लिए कहने पर विवाद बढ़ गया और गाली-गलौच शुरू हो गई। स्थिति अचानक हिंसक हो गई जब आरोपी अनिल कुमार ने बर्फ तोड़ने वाले नुकीले सुए से पीड़ित युवक पर कई वार किए, वहीं उसके साथी सूरज उर्फ कल्लू ने भी धारदार हथियार से हमला किया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के प्रयास का मामला दर्ज पंचकूला पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर सेक्टर-14 थाना में गैर इरादतन हत्या के प्रयास जैसी अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान अप्रैल को मुख्य आरोपी अनिल कुमार निवासी राजीव कॉलोनी को सब्जी मंडी, बुढ़नपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए वारदात में इस्तेमाल किया गया सुआ भी बरामद करवाया। पुलिस ने आरोपी को आज न्यायालय में पेश न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *