पंचकूला में बाप-बेटे के इमिग्रेशन रैकेट का पर्दाफाश:अमेरिका में बैठा बेटा चला रहा, युवक को डंकी रुट से कई देशों में भटकाया

हरियाणा के पंचकूला में विदेश भेजने के नाम पर फ्रॉड करने के मामले में एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने यूके से अमेरिका भेजने का झांसा देकर करीब 28 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान श्याम लाल (71) निवासी रायपुररानी, जिला पंचकूला के रूप में हुई है। पंजाब निवासी शख्स ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में वह इंग्लैंड गया था, लेकिन वहां स्थायी रूप से रहने और रोजगार की समस्या के कारण वह अमेरिका जाना चाहता था। इसी दौरान उसके परिचितों के माध्यम से उसकी मुलाकात आरोपी वीर सिंह उर्फ मिट्टू उर्फ जॉन और उसके पिता श्याम लाल से करवाई गई। जिन्होंने खुद को एजेंट बताते हुए उसे इंग्लैंड से अमेरिका भेजने का भरोसा दिया। आरोपियों ने यह काम कराने के लिए लगभग 30 लाख रुपए की मांग की, जिसके बाद आपसी बातचीत में सौदा 25 लाख रुपए में तय हुआ। रिश्तेदारों से लेकर दिए 25 लाख रुपए शिकायतकर्ता के पिता लखविंद्र सिंह ने जमीन बेचने और रिश्तेदारों से उधार लेकर आरोपियों को कुल 25 लाख रुपए दिए। इनमें से 15 लाख रुपए नकद पंचकूला सेक्टर-25 में दिए गए, जबकि 10 लाख रुपए अलग-अलग खातों से आरोपी श्याम लाल के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता को विदेश भेजने की प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा दिलाया, लेकिन रास्ते में डंकी रूट के जरिए उसे कई देशों में भटकना पड़ा और आरोपियों ने इस दौरान 3 लाख रुपए भी दिलवाए। डंकी रूट के रास्ते रहा परेशान शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि इस अवैध रास्ते से यात्रा के दौरान उसे फ्रांस, स्पेन और अन्य देशों में कई दिनों तक कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद विभिन्न देशों की कस्टडी और कैंपों में रहने के बाद आखिरकार उसे मार्च 2025 में भारत वापस भेज दिया गया। भारत लौटने के बाद जब शिकायतकर्ता ने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया और धमकियां देना शुरू कर दिया। शिकायत मिलने के बाद एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट पंचकूला ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान इन्चार्ज योगविन्द्र सिंह के नेतृत्व में जांच अधिकारी एएसआई दीपक ने 12 मार्च 2026 को आरोपी श्याम लाल को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *