हरियाणा के पंचकूला में भतीजे ने चाचा के साथ 9 लाख रुपए का फ्रॉड कर दिया। पीड़ित चाचा की शिकायत पर पंचकूला के रायपुर रानी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अभी लेनदेन के डॉक्यूमेंट जांचे जा रहे हैं। पंचकूला के खटौली गांव निवासी बलविंद्र ने बताया कि उसका रायपुररानी की रामगोपाल कालोनी में 10 मरला प्लॉट था। 10 नवंबर 2025 को भतीजे अंकुर ने कहा कि वह उसका प्लॉट बिकवा देता है। पैसे की जरूरत में पीड़ित ने प्लॉट बेचने की हामी भर दी। जिसके बाद 20 नवंबर को हरीपुर गांव निवासी लवनीत से आरोपी ने प्लॉट का सौदा करवा दिया। उस समय तय हुआ कि एक लाख रुपए वह बतौर कमीशन लेगा। झूठ बोलकर ले गया चेक पीड़ित के अनुसार 30 दिसंबर को तहसील में रजिस्ट्री करवाई तो उसी दिन खरीददार ने उसके खाते में 45 लाख रुपए डाल दिए। 15 लाख रुपए बतौर बयाना पहले ही मिल चुका था। 3 जनवरी 2026 को आरोपी अंकुर ने आकर कहा कि 9 लाख रुपए पेमेंट ज्यादा आ गई है, वापस करनी होगी। अगर वापस नहीं भेजी तो खरीददार थाने में शिकायत करेंगे। उसने विश्वास करके 9 लाख रुपए का चेक बिना नाम का भतीजे को सौंप दिया। उसे बाद में खरीददार पार्टी से बात हुई तो उन्होंने बताया कि कोई पेमेंट ज्यादा नहीं आई थी। चल रही है जांच : SHO प्रीतम पंचकूला के रायपुर रानी थाना SHO प्रीतम सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी व पीड़ित के अकाउंट की डिटेल ली गई हैं। डॉक्यूमेंट वेरिफाई होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।