पंचकूला में रोज निरीक्षण पर निकलेंगे निगम कमिश्नर:शेड्यूल जारी, RWA और मार्केट एसोसिएशन पदाधिकारी साथ रहेंगे; महादेवपुर-सकेतडी से होगी शुरूआत

पंचकूला शहर की स्थिति में सुधार के लिए नगर निगम कमिश्नर विनय कुमार ने शहर भर में चल रहे विकास कार्यों और नागरिक सेवाओं की नियमित समीक्षा के लिए एक एडवांस्ड डिटेल्ड इंस्पेक्शन शेड्यूल जारी किया है। निरीक्षण शेड्यूल की प्रतियां पहले ही संबंधित रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWA) और मार्केट एसोसिएशनों के साथ साझा कर दी गई हैं, ताकि निवासी और अन्य हितधारक निरीक्षण के दौरान सक्रिय रूप से भाग ले सकें और अपनी समस्याएं व सुझाव सीधे क्षेत्रीय स्तर पर प्रस्तुत कर सकें। 9 से 17 मार्च तक चलेगा अभियान नगर निगम द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार 9 मार्च 2026 से 17 मार्च 2026 तक प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से विभिन्न क्षेत्रों में स्वयं निरीक्षण करेंगे। इस दौरान सकेतडी, महादेवपुर, भैंसा टिब्बा, मनसा देवी कॉम्प्लेक्स (MDC) सेक्टर-4 और 5, सेक्टर-6 सहित आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से स्वच्छता प्रबंधन, चल रहे विकास कार्यों की निगरानी, गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स (GVP) का निरीक्षण तथा नागरिक आधारभूत संरचना की समग्र स्थिति के आकलन पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। महादेवपुर-सकेतडी से निरीक्षण अभियान की शुरूआत होगी निरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार, आयुक्त का दौरा 9 मार्च 2026 को महादेवपुर से लेकर सकेतडी के मेन गेट तक शुरू होगा। इसके बाद, 10 मार्च को भैंसा टिब्बा और मनसा देवी, 11 और 12 मार्च को सेक्टर-4 एमडीसी, 13 मार्च को सेक्टर-5 एमडीसी, 16 मार्च को सेक्टर-6, और 17 मार्च को सामान्य अस्पताल के गेट एरिया में निरीक्षण किया जाएगा। इन दौरों के दौरान, चल रहे विकास कार्यों, स्वच्छता प्रबंधन, और नागरिक आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति का मौके पर ही विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *