ईरान-इजरायल और अमेरिका युद्ध के कारण गैस किल्लत का असर अब पंचकूला में भी दिखने लगा है। पंचकूला में सबसे बड़ा असर रसोई पर दिख रहा है। करीब 25 हजार लोगों की थाली से रोटी गायब हो जाएगी, क्योंकि माता मनसा देवी सेवक दल के पास कमर्शियल सिलेंडर का स्टॉक खत्म हो गया है। पंचकूला के माता मनसा देवी सेवक दल शहर में 8 मोबाइल वैन के माध्यम से व मंदिर परिसर में करीब 25 हजार लोगों को हर रोज 2 टाइम का खाना मुहैया करवा रहा है। यहां पर रोटी की मशीन गैस से चलती है जबकि चावल-दाल और कढ़ी का प्रसाद लकड़ी वाली भट्ठी से बनता है। अब गैस की किल्लत हुई है, तो यहां पर कल से रोटी बंद हो जाएगी तथा प्रसाद में केवल चावल-दाल या फिर चावल-कढ़ी ही वितरित की जाएगी। घरेलू गैस की दिक्कत भी अब शहर में बढ़ने लगी है। ऑनलाइन बुकिंग बंद होने का असर भी अब स्पष्ट दिखने लगा है। श्रीराम सेवादार ट्रस्ट का भंडारा भी होगा बंद श्रीराम सेवादार ट्रस्ट शहर में मोबाइल वैन व सेक्टर-26 में भंडारा लगाता है। ट्रस्ट सदस्यों के अनुसार उनके पास भी केवल एक दिन का गैस स्टॉक उपलब्ध है। 14 मार्च के बाद उनके यहां पर भंडारों की व्यवस्था गैस की कमी के कारण बंद हो जाएगा। श्रीराम सेवादार ट्रस्ट शहर में करीब 4 से 5 हजार लोगों को हर रोज खाना उपलब्ध करवा रहा है। रेहड़ी-ढाबों पर लगे घरेलू गैस सिलेंडर पंचकूला शहर में ढाबों और स्ट्रीट फूड की रेहड़ियों पर घरेलू गैस के सिलेंडर दिखने लगे हैं। दैनिक भास्कर ऐप टीम ने पंचकूला माजरी चौक पर निरीक्षण किया तो यहां घरेलू गैस सिलेंडर मिले। वहीं कुछ ढाबा वालों ने तो घरेलू सिलेंडर को कपड़ों से ढक कर रखा हुआ है। कार्रवाई की चेतावनी- मित्तल जिला फूड एंड सप्लाई नियंत्रक जतिन मित्तल के अनुसार घरेलू सिलेंडर की कालाबाजारी पर स्पष्ट चेतावनी जारी की गई है, ऐसा करते हुए कोई पाया गया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं जहां पर कमर्शियल की जगह घरेलू सिलेंडर मिला, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।