हरियाणा के पंचकूला में होली पर्व पर भी कुछ लोग शराब पीकर गाड़ी चलाने से बाज नहीं आए। शहर के ऐसे लोगों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस के द्वारा होली से पहले ही 37 नाकों पर एल्कोसेंसर के साथ टीमें तैनात की गई थी। डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के अनुसार 2 से 4 मार्च तक शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर एल्कोसेंसर की मदद से जांच करते हुए कुल 53 चालान किए, जबकि नियमों की गंभीर उल्लंघना करने पर 7 वाहनों को जब्त भी किया गया। शांतिपूर्वक रहा होली पर्व होली पर्व के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए पंचकूला पुलिस ने व्यापक और सुनियोजित सुरक्षा इंतजाम किए। त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से पूरे जिले में विशेष निगरानी, गश्त और नाकाबंदी अभियान चलाया गया। पुलिस प्रशासन ने पहले से ही रणनीति तैयार कर संवेदनशील स्थानों की पहचान की और वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की, ताकि नागरिक निर्भय होकर रंगों का पर्व मना सकें। संवदेनशील एरिया में गश्त डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि होली के दौरान जिले में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त की गई तथा सभी प्रमुख नाकों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई। इस दौरान वाहनों की सघन तलाशी ली गई और शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधि को तुरंत रोका जा सके।