पंचकूला में 2 बच्चों की मां की करंट से मौत:जंगल में घास लेने गई थी; 11 हजार KV के टूटे पड़े तार से हादसा

हरियाणा के पंचकूला में बिजली का तार छू जाने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका के पति की शिकायत पर पिंजौर थाना पुलिस ने बिजली निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही बरतने का मामला दर्ज किया है। पंचकूला के कजियाणा गांव निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह जनस्वास्थ्य विभाग में वॉटर सप्लाई के डेली वेजिज पर कार्यरत है। उसकी पत्नी आशा देवी पड़ोस की महिलाओं कांता और हिमानी के साथ जंगल में घास लेने गई थी। जंगल के रास्ते में 11 हजार केवीए का हाईटेंशन तार टूटा हुआ पड़ा था। चलते समय आशा देवी का पैर उस तार पर टिक गया, जिससे उसे करंट लग गया। मौके पर ही मौत, दो बच्चों की मां थी आशा देवी करंट लगने से आशा देवी बुरी तरह झुलस गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका दो बच्चों की मां थी — 12 वर्षीय बेटा और 8 वर्षीय बेटी। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी की मौत बिजली निगम की लापरवाही के कारण हुई है। निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने समय पर बिजली तारों की मरम्मत और सर्विस नहीं करवाई, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने दर्ज किया मामला पिंजौर थाना पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर बिजली निगम कर्मियों के खिलाफ धारा 106 और 287 बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है। हादसे के लिए जिम्मेदार कर्मियों की पहचान के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *