पंचकूला में PNB रिटायर्ड अफसर से 12.20 लाख ठगे:दिल्ली-राजस्थान के आरोपी गिरफ्तार, ATM कार्ड और सिम बरामद

पंचकूला थाना साइबर क्राइम सेक्टर-20 पंचकूला की टीम ने क्रेडिट कार्ड जारी करने का झांसा देकर बुजुर्ग से करीब 12.20 लाख रुपए की ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से सिम और एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। शिकायतकर्ता ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दी कि एक व्यक्ति ने स्वयं को पंजाब नेशनल बैंक का कर्मचारी बताकर क्रेडिट कार्ड जारी करने का लालच दिया और फोन व वॉट्सएप के माध्यम से बैंक खाता, डेबिट कार्ड, पिन और अन्य गोपनीय जानकारी हासिल कर उनके खातों से कई ट्रांजेक्शन के जरिए लगभग 12.20 लाख रुपए निकाल लिए। दिल्ली-राजस्थान के आरोपी गिरफ्तार शिकायत पर थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज कर पीएसआई हरजीत सिंह के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। जांच के दौरान I4C रिपोर्ट, बैंक रिकॉर्ड और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्ध खातों की पहचान की गई। दिल्ली व राजस्थान में कार्रवाई करते हुए आरोपियों भोमा राम और उदा राम को काबू किया गया। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर तीसरे आरोपी विवेक कुमार गौतम को भी दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। नकदी, चेकबुक और मोबाइल बरामद पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से कई ATM कार्ड, विभिन्न बैंकों की चेकबुक, मोबाइल फोन, अनेक सिम कार्ड और नकदी बरामद की है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों और बदले हुए पते के आधार पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम को विभिन्न खातों में ट्रांसफर करते थे। दो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि एक आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश व आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *