हरियाणा के पंचकूला में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास के 2 साल बाद बजट मंजूर हुआ है। मेडिकल कॉलेज की साइट पर फिलहाल झाड़ियां खड़ी हैं। कुछ जगह पर बच्चों ने क्रिकेट खेलने के लिए जगह भी बना ली है। जमीन ट्रांसफर होने के 2 साल बाद अब HSVP यहां पर निर्माण शुरू करेगा। हरियाणा के तत्कालीन सीएम मनोहर लाल खट्टर ने जनवरी 2024 में पंचकूला के सेक्टर 32 में लगभग ₹1422.20 करोड़ की लागत से बनने वाले एक नए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की आधारशिला रखी थी। 30 एकड़ में बनने वाले इस कॉलेज का नाम डॉ. मंगल सेन के नाम पर रखा गया और इसमें 100 एमबीबीएस सीटों की मंजूरी होने की बात भी कही गई। HSVP की योजना अनुसर 7 मंजिला अस्पताल, 14 मंजिला गर्ल्स और 10 मंजिला डॉक्टर के क्वार्टर होंगे। नर्सिंग हॉस्टल और नर्सिंग कॉलेज का निर्माण भी पहले फेज में ही होगा। अब जानिए प्रोजेक्ट से जुड़े महत्वपूर्ण फैक्ट… सेक्टर-6 अस्पताल में क्लास लगाने की योजना शिलान्यास करते हुए तत्कालीन सीएम मनोहरलाल ने कहा था कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण 2 साल में पूरा लकर लिया जाएगा। तब तक मेडिकल कालेज की कक्षाएं पंचकूला के सेक्टर-6 अस्पताल में लगेंगी। लेकिन मनोहरलाल के सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद उनका शिलान्यास पत्थर ही गायब कर दिया गया। अब सेक्टर-32 में सड़क किनारे केवल साइट स्थल का ही बोर्ड ही लगाया गया है। साल 2023 में हुई थी घोषणा पंचकूला में डॉ. मंगलसेन के नाम पर मेडिकल कॉलेज की घोषणा सीएम मनोहरलाल ने 10 अप्रैल 2023 को आयोजित जनविकास महारैली में शहर विधायक ज्ञानचंद गुप्ता की मांग पर की थी। तब गुप्ता ने कहा था कि राज्य सरकार जल्द ही एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू करने की तैयारी कर रही है। नया मेडिकल कॉलेज इस क्षेत्र में विकास के नए अवसर लेकर आएगा। लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होने से चंडीगढ़ के पीजीआई, जीएमसीएच-32 और जीएमएसएच-16 पर भी बोझ कम होगा। बजट मंजूर, जल्द शुरू होगा टेंडर प्रोसेस : एनके पायल हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर एनके पायल ने बताया कि बजट मंजूर हो गया है। डॉक्यूमेंटस तैयार किए जा रहे हैं। जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया को शुरू कर दिया जाएगा।