हरियाणा में पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में वीरवार को एक बार फिर मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल का मुख्य सर्वर अचानक ठप हो गया, जिसके चलते ए, बी और सी ब्लाक में ओपीडी कार्ड नहीं बन पाए। सुबह-सुबह इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई मरीज बिना पर्ची के ही लौटने को मजबूर हो गए। जानकारी के अनुसार इस बार सर्वर ठप होने की वजह सर्वर रूम में रखी यूपीएस बैटरियों से जुड़ी चोरी की घटना है। बताया जा रहा है कि अज्ञात चोर ने करीब 35 से 40 यूपीएस बैटरियों की कन्वर्टर तारों पर हाथ साफ कर दिया। यह चोरी बुधवार रात करीब 8 बजे के आसपास की गई। पूरी घटना सर्वर रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस तक पहुंचा मामला अस्पताल के प्रिंसिपल मेडिकल आफिसर (PMO) डॉ. आरएस चौहान ने बताया कि इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है। साथ ही सर्वर रूम के अधिकारी और तकनीकी स्टाफ सर्वर को दोबारा सुचारु करने में जुटे हुए हैं। इससे पहले भी खराब हो चुका सर्वर इससे पहले भी बीते सप्ताह अस्पताल का सर्वर लगातार तीन दिनों तक ठप रहा था। उस दौरान यूपीएस बैटरियों में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके चलते कई बैटरियां बदली गई थीं। उन तीन दिनों तक भी ओपीडी कार्ड नहीं बन पाए थे, जिससे मरीजों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी थी। लगातार हो रही तकनीकी दिक्कतों और अब चोरी की घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।