पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के बाद अब मनकीरत औलख ने भी उनके गाने लीक करने का दावा किया है। मनकीरत ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर कहा कि उनकी मेहनत से बनाए गाने लीक किए जा रहे हैं। मनकीरत ने कहा कि वह एक जगह से गाना डिलीट कराते हैं तो दूसरा बंदा कहीं और अपलोड कर देता है। परेशान हुए मनकीरत ने कहा कि वह इन 5-7 गानों की जल्द EP रिलीज कर देंगे। मनकीरत मूल रूप से हरियाणा के फतेहाबाद के रहने वाले हैं। हाल ही में उन्हें बंबीहा गैंग की धमकी मिली थी। मनकीरत पर सिद्धू मूसेवाला मर्डर को लेकर भी आरोप लगे। लेकिन पुलिस ने क्लीन चिट दे दी थी। मनकीरत को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस का कॉलेज फ्रेंड माना जाता है। ढाई मिनट के VIDEO में मनकीरत ने क्या कहा… मनकीरत ने कहा- मेरी रिक्वेस्ट है भाइयों, जो भी ये गाने लीक कर रहे हैं, उन्हें लीक मत करो। दोस्तों, हम बहुत मेहनत से गाने बनाते हैं, इतने दिन लगते हैं। जिसने भी किया चलो, कुछ नहीं करते, पर मत करो दोस्तो और अगर कोई नहीं रोकेगा तो हम भाई पांच-छह गाने रिलीज ही कर देंगे ठीक है। मुझे नहीं पता ये कौन हैं। अब हर इंसान के 4 स्पेशल लोग होते हैं, मुझे नहीं पता कौन किसको गाना भेजता है। यह मान लो कि टीम में भी कोई प्रॉब्लम हो सकती है, अगर किसी न किसी इंसान में कोई प्रॉब्लम है तो गाना आउट मत करो। मैं हमेशा कहता हूं कि गाना सिर्फ एंटरटेनमेंट के लिए है उसे एंटरटेनमेंट ही रखो। मैं इसे कहां-कहां से डिलीट कराऊं, क्योंकि हम एक डिलीट करते हैं, फिर कोई और दूसरा डाल देता है। भाइयो हमारे पास 5-7 गाने हैं। मुझे पता है तुम छोटे-मोटे पार्ट लीक करते हो हम सब रिलीज करेंगे। मास्टर हो जाने के बाद हम इसे अच्छा साउंड देकर खुद अपलोड कर देंगे। हम एक EP करेंगे या कैसेट के रूप में। मगर, गानों को ऐसे खराब मत करो। इसलिए मेरे भाई बनकर बिना पैसे के वकील मत बनो, रिक्वेस्ट है। मनकीरत औलख के बारे में जानिए मूसेवाला मर्डर में नाम उछला
मनकीरत औलख 29 मई 2022 को पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या को लेकर सुर्खियों में रहे। मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस ने ली थी। मनकीरत लॉरेंस के कॉलेज फ्रेंड रहे हैं। इसी वजह से मूसेवाला के फैंस ने मनकीरत को टारगेट किया कि उन्होंने मूसेवाला के बारे में लॉरेंस को मुखबिरी की है। हालांकि पुलिस की जांच में उन्हें क्लीन चिट मिल गई। इस दौरान मनकीरत की लॉरेंस के साथ कॉलेज टाइम और रोपड़ जेल में किए शो की फोटो भी वायरल हुईं थी। बंबीहा गैंग अब भी पीछे पड़ा, 4 बार धमकी मिली
मनकीरत औलख को 4 बार बंबीहा गैंग से धमकी मिल चुकी है। पहली धमकी सिद्धू मूसेवाला मर्डर के बाद 2022 में मिली थी। जिसमें गैंग ने कहा कि मनकीरत उनकी हिटलिस्ट में है। वह लॉरेंस से जुड़ा है। इसके बाद मार्च 2023 में पुलिस ने बंबीहा गैंग के 4 गुर्गों को हथियार समेत पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि वह मनकीरत को मारने की साजिश कर रहे थे। अगस्त 2025 में मनकीरत को वॉट्सएप पर विदेशी नंबर से धमकी मिली। जिसमें कहा गया कि तैयार हो जा, तेरा टाइम आ गया। मनकीरत ने मोहाली पुलिस को शिकायत दी थी। इसी मार्च महीने में बंबीहा गैंग चला रहे गैंगस्टर लक्की पटियाल ने ऑडियो के जरिए मनकीरत को धमकी दी। उसने कहा कि मनकीरत चाहे जितनी सिक्योरिटी रख लो, तुम्हारी बारी आएगी।