पंजाब के तीन लोगों को ब्रिटेन की एक कोर्ट ने कुल 11 साल की सजा सुनाई है। दो साल पहले इंग्लैंड के ईस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र के डर्बी शहर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान हुई हिंसा के मामले में उन्हें दोषी पाया गया है। डर्बीशायर पुलिस ने शुक्रवार( 19 दिसंबर) को जारी एक बयान में बताया कि दमनजीत सिंह(35), बूटा सिंह(35) और राजविंदर तखर सिंह (42), साल 2023 में अल्वास्टन में आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान हुई हिंसक झड़प में शामिल थे, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। आरोपियों ने पहले अपने खिलाफ लगे सभी आरोपों से इनकार किया था, लेकिन पिछले महीने डर्बी क्राउन कोर्ट में चले मुकदमे के बाद उन्हें दोषी करार दिया गया। डर्बीशायर पुलिस के अनुसार, रविवार (20 अगस्त 2023) को शाम चार बजे से ठीक पहले एल्वास्टन लेन के पास घटनास्थल पर गोलीबारी और लोगों के हथियारों से आपस में लड़ने की सूचना मिलने के बाद पुलिस को बुलाया गया था। घटना के वीडियो फुटेज में बूटा सिंह को विरोधी समूह का पीछा करते हुए देखा गया, हालांकि उस समय उसके पास कोई हथियार नहीं था। हिंसा की घटना के दो दिन बाद जब पुलिस ने उसकी कार रोकी, तो अधिकारियों को कार की डिक्की से दो बड़े चाकू बरामद हुए। बूटा सिंह को हिंसा फैलाने का दोषी पाया गया। मुकदमे की शुरुआत में ही उसने आपत्तिजनक हथियार रखने की बात स्वीकार कर ली थी, जिसके बाद उसे चार साल की जेल की सजा सुनाई गई। दमनजीत सिंह को हिंसक अव्यवस्था फैलाने और मादक द्रव्यों के कब्जे का दोषी पाया गया। उसे तीन साल और चार महीने की सजा सुनाई गई। वहीं, राजविंदर तखर सिंह को तीन साल और 10 महीने की जेल की सजा दी गई। BJP का दावा-वीर बाल दिवस के नाम का प्रस्ताव अकाली दल का भाजपा नेता प्रीतपाल बलियेवाल ने कहा कि 2018 में 60 बीजेपी सांसदों ने साहिबजादों के शहीदी दिवस को मनाने के लिए प्रधानमंत्री जी को पत्र लिखा था। शहादत के दिन को बाल दिवस का नाम देने की बात अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल और दिल्ली कमेटी के प्रधान मनजीत सिंह जी.के. ने की थी, जिसके लिए एक सेमिनार भी आयोजित किया गया था। बलियेवाल ने इस संबंध में X (ट्विटर) पर पोस्ट की। उन्होंने दावा किया कि उस समय की केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और मांग उठाने वाले सांसद भी वहां मौजूद थे। उनका सम्मान भी किया गया। देश की आजादी के 75 साल बाद, 2022 से साहिबजादों की शहादत को हर देश की भारतीय एंबेसी में और पूरे देश में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया, जिसके लिए प्रधानमंत्री जी का धन्यवाद! कांग्रेस ने 2022 में इस दिन को मनाने और इसके नाम को लेकर विरोध किया था और आज भी नाम को लेकर राजनीति कर रही है। कांग्रेस की देश में रही सरकारों के दौरान यह दिन क्यों नहीं मनाया गया? अमृतसर में रैपर बादशाह ने बाढ़ प्रभावित को दिया नया घर अमृतसर में मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह अजनाला के गांव पैड़ेवाल पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ से प्रभावित एक परिवार के लिए नया घर बनवाकर उसकी चाबियां सौंपीं। इस मौके पर रैपर बादशाह की मां अविनाश रानी भी उनके साथ मौजूद रहीं। उनकी मां अविनाश कौर ने कहा कि इंसान की छत चली जाए तो सब चला जाता है और जब घर मिल जाए तो उससे ज्यादा खुशी कोई नहीं। उन्हें खुशी है कि उनके बेटे को यह सेवा करने का मौका मिला है। (पूरी खबर पढ़ें) जालंधर में ढाबे पर पेट्रोल बम फेंके जालंधर शहर के गढ़ा चौक स्थित पार्षद पति कृपाल पाली के ढाबे पर कुछ युवकों ने पेट्रोल बम फेंके और आग लगाने की कोशिश की। जिससे अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि आग नहीं लगी। जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना शनिवार रात की है। विवाद एक लड़की से छेड़छाड़ से शुरू हुआ था। उस समय लोगों के एकत्र होने पर नशे में धुत आरोपी युवक मौके से भाग गए थे। लेकिन बाद में आकर वारदात की।(पूरी खबर पढ़ें) लुधियाना में संदिग्ध हालत में पुलिसकर्मी की मौत लुधियाना में पुलिस लाइन में एक जवान की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। रात को वह ड्यूटी से लौटा और सो गया, सुबह जब उसकी पत्नी उसे जगाने गई तो वह उठा नहीं। उसने शोर मचाया तो परिवार के सदस्य भी इक्कट्ठे हो गए। घटना आज सुबह (21 दिसंबर की) है। जवान को जब चेक किया गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक पुलिसकर्मी की पहचान रणजीत सिंह के रूप में हुई है। रणजीत के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। (पूरी खबर पढ़ें) पटियाला में AAP नेता के घर फायरिंग, कॉल कर 2 करोड़ रंगदारी मांगी थी पटियाला के पातड़ा में आम आदमी पार्टी के नेता हरदीप सिंह के घर के बाहर फायरिंग हुई। कुछ समय पहले उन्हें रंगदारी के लिए फोन कॉल्स भी आई थीं। उनसे दो करोड़ रुपए मांगे गए थे। साथ ही पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। कैमरों में फायरिंग होने की आवाज भी सुनाई दी थी। वहीं, खोल भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। यह मामला सात दिसंबर का है। उन्होंने बताया कि पहले वह सोए हुए थे। उन्हें लगा कि शायद कोई पटाखे चले होंगे। इसी बीच नौकर ने बताया कि उनके घर के बाहर गोलियां चली हैं। इससे वह दहशत में आ गए। उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने सारी घटना का जायजा लिया है और जांच की जा रही है। ठरूआ चौकी इंचार्ज जगत प्रकाश ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पंजाब में फर्जी सर्टिफिकेट से सरकारी नौकरी: PSEB की वेरिफिकेशन में खुली पोल पंजाब में फर्जी सर्टिफिकेट से सरकारी नौकरी हासिल करने का मामला सामने आया है। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड में बीपीईओ बनूड़ से पहुंचा सर्टिफिकेट जाली निकला है। जांच में पता चला है कि यह सर्टिफिकेट महिला को बोर्ड की तरफ से जारी नहीं किया गया था। इसके बाद बोर्ड ने अपने रिकॉर्ड में उक्त महिला को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। (पूरी खबर पढ़ें) SGPC ने आनंदपुर साहिब में सरकार के हेरिटेज स्ट्रीट का काम रुकवाया SGPC ने आनंदपुर साहिब में हेरिटेज स्ट्रीट का काम रुकवा दिया है। पंजाब सरकार के काम से हेरिटेज स्ट्रीट को लेकर उनका कहना है कि इससे बनाए जा रहे गेटों से तख्त श्री केसगढ़ साहिब को देखने में रुकावट आ रही है। उसे वैसे का वैसे ही रहने देना चाहिए। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने भी इस पर एतराज जताया है। एसजीपीसी ने ये भी कहा कि इस बारे में सिख संस्थाओं से सलाह नहीं ली गई। दरअसल, जब चंडीगढ़ से रोपड़ जाते हैं तो रोड से ही तख्त श्री केसगढ़ साहिब दिख जाता है। हालांकि अगर इस जगह पर गेट बनाए जाते हैं तो यह विजिबिलिटी नहीं रहेगी। ऐसे में जो लोग गुरुद्वारा साहिब नहीं आ सकते और बाहर से ही माथा टेकते हैं तो उनके लिए मुश्किल हो जाएगी। SGPC मेंबर गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने कहा कि हमारा सरकार से विरोध नहीं, सरकार सड़कें बनाए और शहर को बढ़िया बनाए लेकिन सरकार जो गेट बना रही है, उससे तख्त साहिब को देखने में रुकावट होगी। 107 जूनियर इंजीनियरों की भर्ती होगी, SSS बोर्ड करेगा रिक्रूटमेंट पंजाब सरकार ने जल संसाधन विभाग में जूनियर इंजीनियर के 107 पदों पर भर्ती का फैसला लिया है। यह भर्ती प्रक्रिया अधीन सेवाएं चयन बोर्ड के माध्यम से होगी। भर्ती की सारी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। सरकार की तरफ से पहले ही इस बारे में मंजूरी दी जा चुकी है। सरकार की इसके पीछे कोशिश यही है कि विभाग के काम में तेजी आए। साथ ही अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर दिए जाएं। (पूरी खबर पढ़ें) लुधियाना में सरहिंद नहर किनारे जंगल से गायों के 11 सिर, 5 जीवित गायें बरामद पंजाब के लुधियाना कस्बा माछीवाड़ा में सरहिंद नहर किनारे गढ़ी पुल के पास जंगलों में देर रात गौ-कशी का मामला सामने आया है। गुप्त सूचना पर पहुंचे शिवसेना और गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं को देख आरोपियों ने उन पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम को मौके से 11 गायों के सिर और भारी मात्रा में मांस बरामद हुआ है, जबकि 5 जीवित गायों को बचा लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (पूरी खबर पढ़ें)