फाजिल्का जिले के भारत–पाक सीमा से सटे गांव झुग्गे गुलाब सिंह का रहने वाला बीएसएफ जवान रजिंदर सिंह शिलांग, मेघालय में गोली लगने से शहीद हो गया है। शहादत की खबर मिलते ही गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। शहीद जवान का पार्थिव शरीर उसके पैतृक गांव झुग्गे गुलाब सिंह लाया जा रहा है। परिवार के अनुसार, रजिंदर सिंह की शादी जनवरी 2026 में तय थी। घर में माता-पिता, भाई और बहन शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। हाल ही में एक दिन पहले रजिंदर सिंह ने अपनी बहन से वीडियो कॉल पर बात की थी। उस समय उसकी बहन बाजार में शादी की तैयारियों को लेकर खरीदारी कर रही थी। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि यह बातचीत उसकी आखिरी कॉल साबित होगी। (पूरी खबर पढ़ें) पूर्व कांग्रेस MLA के बेटे को पाकिस्तान से धमकी पंजाब के पूर्व कांग्रेस MLA दर्शन सिंह बराड़ के बेटे कमलजीत सिंह बराड़ को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी पाकिस्तान के वॉट्सऐप नंबर से आई है। बराड़ ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि 23 दिसंबर को उसे एक वॉट्सऐप कॉल आई। सामने से बोल रहे व्यक्ति ने कहा कि वह शहजाद भट्टी है और पाकिस्तान से बोल रहा है। उसकी राजनीतिक गतिविधियां धमकी देने वाले के भारतीय राजनीतिक दोस्तों के हित में नहीं हैं, इसलिए इन्हें तुरंत बंद कर दे। ऐसा न किया तो तुम्हारी हत्या कर देंगे। यह कॉल दोपहर 2 बजे आईं। 29 दिसंबर को होगी पंजाब कैबिनेट की मीटिंग पंजाब के सीएम भगवंत मान सरकार ने 29 दिसंबर को कैबिनेट मीटिंग बुलाई है। यह बैठक दोपहर 12 बजे चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर होगी। कैबिनेट मीटिंग मनरेगा को लेकर बुलाए जाने वाले स्पेशल सेशन से ठीक पहले रखी गई है। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में सेहत बीमा योजना से जुड़े मामलों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में भर्ती से संबंधित मुद्दों पर भी अहम फैसले लिए जा सकते हैं। हालांकि, सरकार की ओर से एजेंडे को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। (पूरी खबर पढ़ें) जालंधर में परिवार को बंधक बनाकर डकैती, 7 बदमाश 1 लाख कैश, 10 तोला सोना व चार मोबाइल ले गए जालंधर के ब्यास गांव में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक परिवार को बंधक बनाकर घर में डकैती की। बदमाश करीब 45 मिनट तक घर में मौजूद रहे। पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश करीब 1 लाख रुपए कैश, 10 तोला सोना और चार मोबाइल फोन अपने साथ ले गए। वारदात के बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बदमाशों ने रेलवे लाइन के पास खेतों में बने घर में वारदात को अंजाम दिया। पूरी खबर पढ़ें… कनाडा में 2 पंजाबी युवकों की हत्या, VIDEO सामने आई कनाडा में 2 पंजाबी युवकों की हत्या की वीडियो सामने आई है। उन पर कार सवार हमलावरों ने फायरिंग की। जिससे दोनों की मौत हो गई। वह कनाडा में अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे। दोनों युवक मानसा के बुढलाडा के रहने वाला है। वह स्टडी वीजा पर कनाडा के एडमिंटन में गए थे। दोनों की पहचान गुरदीप सिंह और रणवीर सिंह के तौर पर हुई है। कार सवार उन्हें गोली मारकर फरार हो गए थे। अमृतसर में पुलिस-बदमाश के बीच मुठभेड़, आरोपी रोनी घायल, हथियार और कार बरामद अमृतसर में शुक्रवार को पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने बताया कि कुछ दिनों पहले रामदास कॉलोनी निवासी जसपाल सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि अमृतपाल सिंह उर्फ रोनी और उसके साथी हरप्रीत निआणा ने उसे मारने के इरादे से XUV कार में आकर दो फायर किए। इस हमले में जसपाल सिंह बचने में सफल रहे, लेकिन उनकी टांग में गोली लगी। पूरी खबर पढ़ें… अमृतसर में चाकू की नोक पर महिला का रेप पंजाब के अमृतसर में एक युवक ने चाकू की नोक पर महिला का रेप किया। महिला ने बताया कि वह घर में अकेली थी। वह घरेलू कामकाज में लगी थी, तभी गांव का एक युवक जबरन अंदर आ घुसा। उसके हाथ में चाकू था, जिसको दिखाकर उसने डराना शुरू कर दिया। उसने कहा कि शोर मचाया तो जान से मार देगा। इसके बाद उसने उसका रेप किया और फिर वहां से फरार हो गया। जाते वक्त भी आरोपी ने धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो उसकी हत्या कर देगा। इसके बाद वह किसी तरह पुलिस थाने पहुंची और पूरी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने थाना कंबोह में हुए इस रेप केस में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बरनाला में लुटेरों और पुलिस में मुठभेड़, 5 गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली बरनाला जिले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 4 लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार और 2 बाइक भी बरामद हुई हैं। बीती शाम करीब 6 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बरनाला की अनाज मंडी में कुछ संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे हैं। इसके बाद सिटी वन इंचार्ज लखविंदर सिंह और सीआईए इंचार्ज बलजीत सिंह की टीमों ने मौके पर दबिश दी। पूरी खबर पढ़ें… फिरोजपुर के श्रवण को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना की मदद करने के लिए पंजाब के फिरोजपुर के 10 साल के बच्चे श्रवण सिंह को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को यह पुरस्कार दिया। बता दें कि भारत ने पाकिस्तान पर ऑपरेशन सिंदूर के नाम से एयर स्ट्राइक की थी। इसके जवाब में पाकिस्तान ने भी पंजाब में बॉर्डर पर हमले शुरू कर दिए। जिन्हें नाकाम करने के लिए वहां इंडियन आर्मी तैनात थी। जंग के माहौल के बीच 10 साल के श्रवण ने सरहद पर तैनात सैनिकों के लिए घर से दूध, रोटी और लस्सी पहुंचाई। वह ममदोट के सिटी हार्ट स्कूल का छात्र है। राज्यपाल की सुरक्षा के लिए एजेंसियां अलर्ट
पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया को क्षत्रिय करणी सेना की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड़ पर है। उनकी सुरक्षा पर पूरा फोकस किया जा रहा है। वहीं, राजभवन के पास भी सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया गया। हालांकि अभी तक किसी तरह का केस दर्ज नहीं हुआ है। एक दिन पहले ही क्षत्रिय करणी सेना राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत ने सोशल मीडिया पर लिखा था- सुन रे गुलाबचंद, तेरी औकात में रह, और हमारे महाराणा प्रताप का अपमान तू पहले भी कर चुका है। अब फिर क्या है? करणी सैनिकों, मारो रे इसे जब और जहां मिले। 3 दिन पहले गुलाबचंद कटारिया ने उदयपुर के गोगुंदा में महाराणा प्रताप को लेकर बयान दिया था। रिटायर्ड IG अमर सिंह चहल साइबर ठगी केस, पुलिस ने 25 अकाउंट सील किए
रिटायर्ड इंस्पेक्टर जनरल (IG) अमर सिंह चहल से जुड़े 8.10 करोड़ रुपए की साइबर ठगी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस जांच में ठगी नेटवर्क के तार महाराष्ट्र से जुड़े पाए गए हैं और तीन मुख्य आरोपियों की पहचान हो चुकी है।पुलिस ने 25 बैंक खाते फ्रीज कर करीब 3 करोड़ रुपए के लेनदेन को रोक दिया है। पुलिस के अनुसार इस ठगी में 10 से ज्यादा लोगों के शामिल होने की आशंका है। आरोपी फर्जी पहचान और अलग-अलग बैंक खातों के जरिए ठगी कर रहे थे। ठगों ने खुद को बैंक CEO बताकर निवेश कराया। जांच में यह भी सामने आया है कि 22 दिसंबर को ठगी का एहसास होने के बाद अमर सिंह चहल ने खुद को गोली मार ली थी। हालांकि, वह इस घटना में बच गए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चहल ने यह कदम उठाने से पहले पुलिस में किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं करवाई थी। (पूरी खबर पढ़ें)