पंजाब की बड़ी खबरें:गुरदासपुर में BSF की 2 बसों समेत 6 गाड़ियां भिड़ीं; कांग्रेस ने 2027 चुनाव को लेकर मीटिंग बुलाई

गुरदासपुर जिले में पठानकोट-अमृतसर नेशनल हाईवे पर पत्थरों से भरा एक ट्रक पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में पीछे आ रही छह गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिनमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की दो बसें भी शामिल थीं। बता दे कि यह हादसा रविवार सुबह घने कोहरे के कारण नशहिरा मझा सिंह के पास गांव गिल्लांवाली में हुआ। सुबह करीब 7 बजे, नेशनल हाईवे पर आगे जा रहा पत्थरों से लदा ट्रक अचानक पलट गया। इस दौरान पीछे आ रहे वाहन समय पर ब्रेक नहीं लगा पाए, जिससे वे एक-दूसरे से टकरा गए। (पढ़ें पूरी खबर) कांग्रेस ने बुलाई 2027 चुनाव को लेकर अहम मीटिंग 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पंजाब कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कल (16 फरवरी) पंजाब कांग्रेस भवन में लंबी बैठक बुलाई गई है। यह अहम बैठक पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल और पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की अगुवाई में होगी। बैठक में सभी जिला अध्यक्षों को बुलाया गया है। इसके साथ ही पार्टी के सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्ष भी इसमें शामिल होंगे। मौजूदा विधायक और साल 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी रहे नेता भी बैठक में उपस्थित रहेंगे। सूत्रों के अनुसार यह बैठक पूरी तरह चुनाव की रणनीति पर केंद्रित रहेगी। संगठन को मजबूत करने, मतदान केंद्र स्तर तक ढांचे को सक्रिय करने और विरोधी दलों के खिलाफ प्रभावी मुद्दे तय करने पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही पार्टी के पिछले प्रदर्शन की समीक्षा और आने वाले समय में जनसंपर्क अभियान को तेज करने की स्ट्रेटजी भी बनाई जाएगी। CM मान अचानक चेकअप करवाने अस्पताल पहुंचे पंजाब के सीएम भगवंत मान शाम करीब 4 अचानक फोर्टिस अस्पताल मोहाली पहुंचे। बताया जा रहा है कि वह अपने रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल गए थे। उनकी सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने अस्पताल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। वहीं फाजिल्का का दौरा रद्द कर दिया गया। आज दोपहर में सीएम ने संगरूर के धूरी स्थित श्री रणकेश्वर महादेव शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे। तीनों नेताओं ने मंदिर में पूजा-पाठ और हवन यज्ञ किया। इसके बाद सीएम हेलीकॉप्टर के जरिए मोहाली पहुंचकर अपना मेडिकल चेकअप करवाने के लिए अस्पताल गए। (पढ़ें पूरी खबर) विदेश बैठे 61 गैंगस्टरों की प्रॉपर्टी फ्रीज करेगी पुलिस पंजाब पुलिस विदेश में बैठे गैंगस्टरों की प्रॉप्रर्टी फ्रीज करेगी। ऑपरेशन प्रहार के तहत ऐसे 61 गैंगस्टरों की लिस्ट तैयार कर ली गई है। इसके लिए इंटरपोल से सिल्वर नोटिस जारी कर उनकी गैरकानूनी प्रॉपर्टी का पता लगाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि गैंगस्टर इस गलतफहमी में न रहें कि वह विदेश में बैठकर यहां देश में गैरकानूनी कार्रवाई करवाते रहेंगे। इसी से निपटने के लिए यह कदम उठाया गया है। इसमें उनकी प्रॉपर्टी से लेकर बैंक अकाउंट की रकम, गाड़ियां वगैरह पर भी एक्शन होगा। इससे पहले पुलिस ने गैंगस्टरों के मददगार और रंगदारी की रकम से मौज कर रहे उनके परिजनों को भी गिरफ्तार किया है। मोहाली में फर्जी पुलिसवाले बनकर सरिए का ट्रक लूटा मोहाली में फर्जी पुलिसवालों ने सरिए से भरा ट्राला लूट लिया। आरोपी पुलिस की बत्ती लगी हुई गाड़ी में आए। उन्होंने 18 टायरों वाले ट्राला को रुकवाया। फिर उसे ओवरलोड बताकर थाने ले जाने के बहाने लूटकर फरार हो गए। आरोपी जाते समय उनके मोबाइल फोन भी छीनकर ले गए। ताकि वह किसी को कॉल न कर पाएं। ड्राइवर कंडक्टर ने किसी तरह आधी रात वहां पर एक ट्रायल वाले मैकेनिक से फोन लेकर अपने मालिक को सूचित किया (पढ़ें पूरी खबर) डेरा ब्यास में फोटाग्राफी बंद, VIPs की मुखी से फोटो जारी नहीं होंगी राधा स्वामी सत्संग डेरा ब्यास के मुखी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लो से मुलाकात करने वाले VIPs की फोटो अब मीडिया में जारी नहीं की जाएंगी। डेरे के मुताबिक यह फैसला मर्यादा को बनाए रखने के लिए किया गया है। डेरे की तरफ से अंदर फोटोग्राफी पर पाबंदी लगा दी गई है। माना जा रहा है कि डेरे को राजनीति से जोड़ने को लेकर यह फैसला लिया गया है। कुछ दिन पहले डेरा मुखी के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया की रैली में हिस्सा लिया था। जिसके बाद उन पर भाजपा और अकाली दल से नजदीकी के आरोप लगे। इसके जवाब में AAP नेताओं की डेरा प्रमुख से मुलाकात के फोटो वायरल किए गए थे। जिस वजह से डेरा राजनीतिक बहस का सेंटर पॉइंट बन गया था। कैप्टन अमरिंदर सिंह को अस्पताल से छुट्‌टी मिली पंजाब के पूर्व CM व BJP नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह को मोहाली के अस्पताल से छुट्‌टी मिल गई है। कैप्टन घुटनों की सर्जरी के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे। हालांकि इस दौरान पॉलिटिकल विवाद भी गर्माया रहा। कैप्टन के अस्पताल में भर्ती होने के दौरान ही विदेशों में संपत्ति के केस में उन्हें जालंधर ED ऑफिस से बेटे रणइंदर समेत पेश होने का समन भेज दिया गया। जैसे ही इस पर विवाद हुआ तो कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने कैप्टन को कांग्रेस में शामिल होने का ऑफर दे दिया। इसके बाद भाजपा में खलबली मच गई। जालंधर से समन भेजने वाले ED के अफसर रवि तिवारी को हटाकर चेन्नई भेज दिया गया। इसके अलावा भाजपा के संगठन मंत्री श्रीनिवासुलु और वर्किंग प्रधान अश्वनी कुमार कैप्टन से मिलने पहुंच गए। हालांकि कैप्टन अमरिंदर की बेटी व पंजाब भाजपा महिला मोर्चा की प्रधान जयइंदर कौर ने कहा कि कैप्टन भाजपा में हैं और वहां से कहीं नहीं जा रहे हैं। लुधियाना में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर हनी सेठी गिरफ्तार पंजाब के लुधियाना के कस्बा खन्ना,पायल, दोराहा में चर्चित सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर, सोशल वर्कर और जूता कारोबारी हनी सेठी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस पर नशा करने का आरोप है, जिसकी पुष्टि डोप टेस्ट में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई खन्ना के नजदीक स्थित दोराहा थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को हनी सेठी की गतिविधियों को लेकर पहले से शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें नशीले पदार्थों के सेवन की पुष्टि हुई (पढ़ें पूरी खबर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *