पंजाब की बड़ी खबरें:बठिंडा में युवती ने फायरिंग की; लुधियाना में कूरियर ऑफिस पर रेड, अमेरिका-कनाडा जा रहे पार्सलों में अफीम मिली

बठिंडा में सोशल मीडिया पर हथियार लहराने और हवा में फायरिंग करने वाली एक लड़की के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। डीएसपी सिटी-2 सरबजीत सिंह बराड़ ने जानकारी दी कि उन्हें इस लड़की के वीडियो के वायरल होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जांच शुरू की और लड़की की पहचान कर ली गई। (पूरी खबर पढ़ें) लुधियाना में DRI के कूरियर ऑफिस में रेड, अमेरिका-कनाडा जाने वाले 7 पार्सलों में मिली अफीम पंजाब के लुधियाना जिले में डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने खुफिया सूचना के आधार पर एक कूरियर ऑफिस पर छापा मारकर नशे की बड़ी खेप पकड़ी है। जांच के दौरान अमेरिका और कनाडा भेजे जा रहे 7 पार्सलों से 12.118 किलोग्राम अफीम बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60.59 लाख रुपए आंकी गई है। DRI लुधियाना जोनल यूनिट के अधिकारियों ने पार्सलों को स्कैन किया, तो उनमें संदिग्ध सामग्री पाई गई। खोलने पर सामने आया कि अफीम को बर्तनों और एडल्ट डायपर पैड के अंदर छिपाया गया था, ताकि घरेलू सामान की आड़ में तस्करी की जा सके। (पूरी खबर पढ़ें) होशियारपुर में युवक के गले में चाइना डोर फंसी, बाइक चला रहा था होशियारपुर जिले की सोहरा दादियाल गांव के पास एक युवक मोटरसाइकिल चलाते समय चाइना डोर की चपेट में आ गया। चाइना डोर उसके गले में फंस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, सोहरा दादियाल निवासी युवक अपनी मोटरसाइकिल पर जा रहा था, तभी सड़क पर लटकती हुई चाइना डोर उसके गले में उलझ गई। हादसे के बाद उसके एक दोस्त ने उसे तुरंत हाजीपुर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टर हरविंदर सिंह ने युवक का प्राथमिक उपचार किया। (पूरी खबर पढ़ें) बठिंडा में शादी के 11 महीने बाद दंपती की मौत बठिंडा के तलवंडी साबो में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उनकी 11 महीने पहले ही शादी हुई थी। जानकारी के अनुसार, तलवंडी साबो कस्बे के मेहरमियां समुदाय से जुड़े रमनदीप सिंह (31) और उनकी पत्नी मनजोत कौर की कल देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उल्टियां होने लगीं थी। (पूरी खबर पढ़ें) लुधियाना में ट्राला में आग लगी, ड्राइवर जिंदा जला लुधियाना में एक ट्राला हाईटेंशन बिजली की तारों के चपेट में आ गया, जिससे उसमें आग लग गई और ड्राइवर जिंदा जल गया। जान बचाने के लिए बाहर निकलने की कोशिश भी की, लेकिन बिजली का जोरदार झटका लगा, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान होशियारपुर के रहने वाले हरविंदर सिंह के रूप में हुई है। फायर ब्रिगेड अधिकारी ने बताया कि रात करीब 8 बजे कंट्रोल रूम में सूचना मिली थी कि गिल रोड के पास एक गाड़ी में आग लगी है। मौके पर जब फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची तो वहां एक 16 टायरी ट्राला आग की लपटों में घिरा हुआ था। (पूरी खबर पढ़ें) जालंधर में ज्वेलर्स पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर जालंधर के लाल बाजार में स्थित जेबीएम ज्वेलर्स के मालिक दीपू पर कुछ हथियारबंद बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। यह हमला MCX ( मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज) में अवैध रूप से किए गए कारोबार और पैसों के लेनदेन के विवाद के चलते हुआ है। हमले में गंभीर रूप से घायल दीपू को प्राथमिक उपचार के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। (पूरी खबर पढ़ें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *