मोगा में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक 22 साल के युवक मौत हो गई। वह गांव में मकान में पाइप फिटिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान जब वह छत पर कटर चला रहा था, तभी मकान के ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी की बिजली की तार से उसका सिर टकरा गया। करंट लगने से वह छत से नीचे गिर गया। जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मौके पर मौजूद साथियों ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से उसे मोगा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गांव रानियां निवासी मनप्रीत सिंह (22) के रूप में हुई है। ( पढ़ें पूरी खबर) अमृतसर में फर्जी स्वास्थ्य मंत्री गिरफ्तार, कॉल कर अधिकारियों पर रौब जमाता था अमृतसर में खुद को पंजाब का स्वास्थ्य मंत्री बताकर सरकारी अधिकारियों पर दबाव बनाने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर प्रभावशाली पद का झूठा रौब दिखाकर अवैध निर्देश देने का आरोप है। मामले में थाना ए-डिवीजन में 3 फरवरी को बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। सिविल अस्पताल अमृतसर के सीनियर मेडिकल ऑफिसर ने शिकायत दी थी कि आरोपी ने फोन पर खुद को स्वास्थ्य मंत्री बताकर कर्मचारियों को हटाने और कामकाज में दखल देने की कोशिश की। जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। (पूढ़ें पूरी खबर) रूपनगर में दशमेश अकादमी की होगी जांच, शिक्षा मंत्री ने ऑडिट के दिए आदेश पंजाब में शिक्षा संस्थानों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने पंजाब के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर 180 एकड़ सरकारी जमीन पर संचालित श्री दसमेश अकादमी, श्री आनंदपुर साहिब से जुड़ी गंभीर शिकायतों की जांच और विशेष ऑडिट कराने के आदेश दिए हैं। शिक्षा मंत्री ने अकादमी में वित्तीय अनियमितताओं, प्रबंधन में गड़बड़ियों और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कमियों के आरोपों की गहन जांच कराने को कहा है। यह निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ), रूपनगर की प्रारंभिक जांच में सामने आई अहम खामियों के बाद दिए गए हैं। हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि जांच के दौरान ट्रस्ट फंड के कथित गबन, संस्था की संपत्ति के दुरुपयोग और बुनियादी ढांचे में कमियों के लिए जिम्मेदार आपराधिक लापरवाही की भी पड़ताल की जाएगी। इसके अलावा शिक्षा मंत्री ने पंजाब पुलिस को अकादमी के प्रिंसिपल की कथित जाली पीएचडी डिग्री की जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही रिकॉर्ड से छेड़छाड़ रोकने के लिए सभी संबंधित दस्तावेज कब्जे में लेकर सुरक्षित करने को कहा गया है। शिक्षा मंत्री ने जांच को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश देते हुए 30 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को कहा है। जांच रिपोर्ट मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के समक्ष पेश की जाएगी, जो ट्रस्ट के एक्स-ऑफिशियो चेयरमैन हैं, ताकि आगे उचित कार्रवाई की जा सके। हरजोत सिंह बैंस ने स्पष्ट कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की पवित्रता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस मामले की गहराई से जांच होगी और जनता के विश्वास को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शैक्षणिक संस्थानों को निजी जागीर की तरह इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। लुधियाना में 2 युवकों को लगा करंट, झटका लगते ही तीसरी मंजिल से नीचे गिरे लुधियाना के जमालपुर इलाके में घर की तीसरी मंजिल पर लैंटर डालने की तैयारी चल रही थी। इसी लोहे की पाइप पास से गुजर रही हाईटेंशन तारों से टकरा गई। करंट का झटका इतना जोरदार लगा कि था कि दो युवक झुलसकर तीसरी मंजिल से नीचे गिर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि इनमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। लोगों ने कहा कि जैसे ही लोहे की पाइप हाई वोल्टेज तारों के संपर्क में आई, एक जोरदार धमाका हुआ। करंट का झटका इतना जबरदस्त था कि इलाके के कई घरों के बिजली मीटर जल गए। हादसे के दौरान एक महिला की घबराहट के कारण धड़कन बढ़ गई और तबीयत बिगड़ गई। (पढ़ें पूरी खबर) सांसद वड़िंग और औजला लोकसभा से निलंबित कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, सांसद गुरजीत औजला को लोकसभा से निलंबित कर दिया गया। राहुल गांधी की स्पीच के दौरान हंगामा हुआ। इस दौरान कई विपक्षी सांसद वेल तक पहुंच गए। इनमें से कुछ ने पीठासीन की तरफ पेपर फेंके। इसके बाद स्पीकर ने 8 सांसदों को निलंबित कर दिया। लोकसभा से कांग्रेस के आठ सांसदों के निलंबन पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, ‘यह बिल्कुल हास्यास्पद है। लोकतंत्र में हर सदस्य को बोलने का अधिकार होना चाहिए और उनकी चिंताओं को सुना जाना चाहिए।’ गवर्नर 4 दिन बॉर्डर जिलों में नशा मुक्ति के लिए पदयात्रा करेंगे पंजाब को नशा मुक्त बनाने की मुहिम के तहत गवर्नर गुलाब चंद कटारिया एक बार फिर बॉर्डर एरिया के जिलों का दौरा करेंगे। 9 से 12 फरवरी तक वह तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का जाएंगे। इस दौरान वह पैदल यात्रा करेंगे। इस अभियान में रेड क्रॉस को शामिल किया जाएगा। यह जानकारी गवर्नर गुलाब चंद कटारिया ने दी। उन्होंने बताया कि सभी पार्टियों के नेताओं, विधायकों और समाजसेवी संस्थाओं को न्योता दिया गया है। वह इस दौरान चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। गवर्नर ने कहा कि जब तक हम इस मुहिम में जनता को नहीं जोड़ पाएंगे, तब तक इस काम में सफलता की सीढ़ी उतनी आसानी से नहीं चढ़ पाएंगे। इसी कारण दिसंबर 2024 में उन्होंने तीन दिन की यात्रा फौजा सिंह के साथ की थी। तीन दिन तक वह पैदल चले थे। उन्होंने बताया कि साल 2025 में उन्होंने छह दिन की यात्रा की। 3 से 8 अप्रैल तक गुरदासपुर से अमृतसर तक, उस समय दो जिलों में छह दिन तक पैदल चले। वहीं, 3 मई 2025 को चंडीगढ़ में नशा मुक्त रैली का आयोजन किया गया, जिसमें सभी संगठन, कॉलेज और संस्थाएं शामिल हुईं। दोनों ही राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल और सेना के अधिकारी भी इसमें शामिल हुए थे। इसके बाद भी उन्होंने लगातार लोगों से बैठकें कीं और कोशिश की कि यह आंदोलन केवल गवर्नर का न रहकर जनता का बने। इस दिशा में सुधार भी हुआ है। सरकार ने भी प्रयास किए हैं—23 हजार गिरफ्तारियां की गईं, बहुत बड़ी मात्रा में ड्रग्स पकड़ी गई, पैसा भी जब्त किया गया और बुलडोजर भी चलाए गए। फाजिल्का में पेड़ से भिड़ी स्कॉर्पियो, इंस्पेक्टर समेत 6 घायल फाजिल्का में स्कॉर्पियो बेकाबू हो सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। गाड़ी में सवार 6 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची सड़क सुरक्षा फोर्स ने घायलों को उपचार के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताला में भर्ती करवाया है। इनमें से मोहाली CIA इंस्पेक्टर समेत 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिन्हें बठिंडा रेफर किया गया है। सड़क सुरक्षा फोर्स टीम के इंचार्ज देवी दयाल ने बताया गाड़ी बेकाबू होकर पेड़ के साथ कराई। हादसे में घायल छह लोगों में से तीन पुलिस कर्मचारी हैं। जबकि इनमें से जो दो लोग गंभीर घायल हुए, उनकी पहचान अंग्रेज सिंह निवासी सिरसा हरियाणा और सीआईए इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह के रूप में हुई है। (पूरी खबर पढ़ें) लुधियाना में गोदाम में लगी आग, दूर तक दिखाई दी लपटें लुधियाना के कंगनवाल में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्क्रैप टायर गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते पूरा इलाका में काले धुआं छा गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन लाखों का माल जलकर खाक हो गया। जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 8 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोदाम से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। टायरों में आग लगने के कारण काला धुआं कई किलोमीटर दूर से ही आसमान में दिखाई दे रहा था।(पूरी खबर पढ़ें) होशियारपुर में कार ने 2 स्कूटियों को रौंदा, 4 युवकों की मौत
होशियारपुर में तेज रफ्तार बेकाबू कार ने पहले 2 स्कूटियों को रौंदा, फिर सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में स्कूटियों पर सवार 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार ड्राइवर गंभीर घायल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटियों के परखच्चे उड़ गए। । हादसा जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर मुकेरिया शुगर मिल के पास देर करीब 1 बजे हुआ। दो स्कूटियों पर सवार चार युवक काम करके घर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही स्कूटियों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर दूर तक सिर्फ मलबे के ढेर नजर आए। (पूरी खबर पढ़ें) लुधियाना पुलिस कमिश्नर के खिलाफ वारंट जारी लुधियाना पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया गया है। यह कार्रवाई जालंधर कोर्ट ने 2024 में दर्ज एनडीपीएस मामले में की। जांच में पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ करने का दावा किया था। अब इस केस में कुल 22 किलो अफीम की रिकवरी का मामला सामने आया है। ट्रायल के दौरान एनडीपीएस मामले की स्पेशल कोर्ट ने स्वपन शर्मा को पेश होने के लिए बुलाया था। हालांकि, बार-बार समन जारी होने के बावजूद वे अदालत में पेश नहीं हुए, जिसके बाद वारंट जारी किए गए।(पूरी खबर पढ़ें) दुनिया के 100 पावरफुल सिखों में पंजाब CM शामिल दुनिया के 100 प्रभावशाली सिखों की सूची द सिख ग्रुप की तरफ से जारी की गई है। इसमें पहले 10 स्थानों में आठ हस्तियां धार्मिक संस्थाओं से जुड़ी हुई हैं। सूची में पहले नंबर पर संत बाबा कुलवंत सिंह जत्थेदार, श्री हजूर साहिब, दूसरे पर अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज हैं। 5वें नंबर पर पंजाब के सीएम भगवंत मान हैं। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब में स्कूलों-अस्पतालों के रंग पर सियासत, AAP के झंडे का रंग बताया पंजाब के सरकारी स्कूलों व सरकारी अस्पतालों में इन दिनों रंग-रोगन करने का काम चल रहा है। स्कूलों व अस्पतालों पर जो रंग हो रहा है, वही कंबीनेशन आम आदमी पार्टी के झंडे का भी है। विपक्षी दलों ने सरकारी इमारतों के कलर कंबीनेशन पर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं। कांग्रेस विधायक परगट ने भाजपा पर शिक्षा का भगवाकरण करने का आरोप लगाया और आम आदमी पार्टी को भाजपा की B टीम बताया। पूरी खबर पढ़ें… लुधियाना के अस्पताल से कैदी फरार लुधियाना के सिविल अस्पताल में सोमवार को पुलिस कस्टडी से कैदी फरार हो गया। आरोपी बोस्टल जेल में बंद था। उसे मेडिकल चेकअप के लिए अस्पताल लाया गया था। ASI हरभजन सिंह ने बताया कि वे अपनी टीम के साथ 6 कैदियों को मेडिकल के लिए लाए थे। इनमें से एक को हड्डियों के डॉक्टर के पास ले जाकर दवाई दिला रहे थे। तभी अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ का फायदा उठाकर वे हथकड़ी से अपना हाथ बाहर निकाल कर फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 262 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। (पूरी खबर पढ़ें) अमृतपाल को सेशन में शामिल होने की अनुमति नहीं
खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को संसद के बजट सत्र में शामिल होने की अनुमति नहीं मिली है। उनकी मांग खारिज कर दी गई है। पंजाब सरकार ने इसके पीछे राज्य की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बताया है। यह आदेश गृह मामलों के विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की ओर से जारी किया गया। हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को अमृतपाल सिंह की याचिका पर सात दिनों में फैसला लेने का निर्देश दिया था। संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू हुआ है। पहले चरण में यह 13 फरवरी तक चलेगा। सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल तक चलेगा। फिलहाल अमृतपाल सिंह असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं।