पंजाब के कई जिलों में बारिश:मोहाली, पठानकोट और बठिंडा में बदला मौसम, तेज हवाएं चलने से तापमान गिरा

पंजाब और ट्राइसिटी यानी चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में मौसम बदल गया है। मोहाली, पठानकोट और बठिंडा के कुछ इलाकों में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने ट्राइसिटी के लिए दोपहर करीब 2:15 बजे तक हल्की से मध्यम बारिश, आंधी और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में शुक्रवार और शनिवार को बारिश, तेज हवाएं और ओले गिरने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जो मौसम विभाग चंडीगढ़ की ओर से जारी किया गया है। वहीं, तापमान में 3.6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो अब सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक हो गया है। सबसे अधिक तापमान 36.8 डिग्री पटियाला में दर्ज किया गया है। सात अप्रैल से नया विक्षोभ एक्टिव होगा पूर्वी ईरान और आसपास के क्षेत्र में 3.1 किमी ऊंचाई पर बना पश्चिमी विक्षोभ अब पूर्वी ईरान और उससे सटे अफगानिस्तान के ऊपर 3.1 से 7.6 किमी की ऊंचाई के बीच सक्रिय है। दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान और कच्छ के आसपास 1.5 किमी ऊंचाई पर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) अब इस विक्षोभ से जुड़ गया है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 7 अप्रैल 2026 से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।
आठ अप्रैल तक बारिश की संभावना मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक राज्य में 3, 4, 7 और 8 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 5 और 6 अप्रैल को कुछ अलग-थलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद अगले 3 दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *