फाजिल्का में बुधवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया पहुंचे। उन्होंने फाजिल्का के संजीव सिनेमा चौक से लेकर चौक घंटाघर तक नशे के खिलाफ पैदल यात्रा निकाली। इसमें इलाके के भाजपा नेता, स्कूली बच्चों और प्रशासन सहित समाजसेवियों ने भाग लिया। हालांकि इस यात्रा पर हो रही राजनीति को लेकर सवाल किया गया तो राज्यपाल ने कहा कि वह संविधान की मर्यादा का पालन कर रहे हैं। वह चाहते हैं कि कोई भी सियासी पार्टी हो, सभी नेता और आमलोग एकजुट होकर नशे के खिलाफ हल्ला बोले, ताकि समाज से नशा खत्म किया जा सके। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि नशे के खिलाफ शुरू किया गया यह अभियान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि जनता का आंदोलन है। जब कोई आंदोलन जनता का बन जाता है, तभी उसकी सफलता सुनिश्चित होती है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे इस लड़ाई को अपनी जिम्मेदारी समझें और समाज के हर वर्ग तक यह जागृति पहुंचाएं। देश की शार रहा है पंजाब : कटारिया राज्यपाल ने कहा कि पंजाब हमेशा देश की शान रहा है, यह बहादुरों, बलिदानियों और किसानों की धरती है। पंजाब ने हमेशा देश के लिए कुर्बानियां दी हैं। यह भूमि साहस का प्रतीक है। प्रभु ने ऐसी कोई चीज नहीं बनाई जिसे असंभव कहा जाए। अगर हम सब मिलकर ईमानदारी से प्रयास करें तो नशे जैसी बुराई को जड़ से मिटाया जा सकता है। उन्होंने उपस्थित युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संस्थाओं और प्रशासन को नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करने की अपील की। राज्यपाल ने कहा कि नशा सिर्फ व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है और इसकी रोकथाम में समाज की सक्रिय भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। राज्यपाल ने लोगों को संकल्प दिलाते हुए कहा कि आज हम यह प्रण करें कि आने वाले एक वर्ष में ऐसी जागृति पैदा करेंगे कि इसका असर साफ तौर पर दिखे। हम अपने गांव, शहर और मोहल्लों को नशा मुक्त बनाने की दिशा में वास्तविक बदलाव लाएंगे। नहीं पहुंचे सत्ताधारी दल के नेता सत्ताधारी नेताओं की गैरहाजिरी के सवाल पर राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने सबको खुद फोन किया है, चाहे किसी भी सियासी पार्टी का हो। इस दौरान फाजिल्का से पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री भाजपा नेता सुरजीत जियानी, भाजपा नेता राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, समाजसेवी करण गिलहोत्रा, मनोज नागपाल, दीपक नागपाल, प्रसिद्ध क्रिकेटर शुभमन गिल के पिता लखविंदर सिंह, इलाके के स्कूली बच्चे, जिला प्रशासन सहित इलाके के समाजसेवी लोग हाजिर रहे।