पंजाब के श्रद्धालु ने चिंतपूर्णी में सोने का छत्र चढ़ाया:मन्नत पूरी होने पर परिवार सहित पहुंचा मंदिर, माता की पावन पिंडी के किए दर्शन

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी में पंजाब के एक श्रद्धालु ने 11 तोले सोने का छत्र अर्पित किया है। इसकी कीमत करीब 26 लाख रुपए से ज्यादा होगी।श्रद्धालु ने यह छत्र अपनी मन्नत पूरी होने पर मां के दरबार में चढ़ाया। श्रद्धालु अपने परिवार के साथ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने 11 तोले सोने का यह छत्र मंदिर प्रशासन के अधिकारियों को सौंपा। श्रद्धालु ने अपना नाम गुप्त रखने का आग्रह किया है। जानकारी के अनुसार, पंजाब के इस श्रद्धालु ने माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में कोई मन्नत मांगी थी। मन्नत पूरी होने के बाद वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने माता के दरबार में माथा टेका और गर्भगृह में माता की पावन पिंडी के दर्शन किए। 51 शक्तिपीठों में से एक है श्री चिंतपूर्णी मंदिर माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक है, जहां माता सती के चरण गिरे थे। हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर इस शक्तिपीठ में आते हैं। कई श्रद्धालु अपनी मन्नतें पूरी होने पर माता को भेंट अर्पित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *