पंजाब के पूर्व मंत्री विजय सिंगला भ्रष्टाचार के आरोपों से बरी होने वाले हैं। पुलिस को उनके खिलाफ जांच में कोई सबूत नहीं मिले हैं। 14 जुलाई को अगली सुनवाई पर पुलिस मोहाली कोर्ट में क्लोजर रिपोर्ट पेश करेगी। पूर्व मंत्री के साथ उनके विशेष कार्य अधिकारी (OSD) प्रदीप कुमार को भी क्लीन चिट मिल सकती है। पूर्व मंत्री के बरी होने की सूचना से पंजाब में सियासी घमासान शुरू हो गया है। विपक्ष ने सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) को घेरना शुरू कर दिया है, क्योंकि सिंगला पर भ्रष्टाचार के आरोप लगने पर खुद CM भगवंत मान ने उन्हें पद से बर्खास्त किया था। इतना ही नहीं, CM ने यह भी दावा किया था कि सिंगला ने उनके सामने गुनाह कबूल किया है और उनके खिलाफ सबूत भी हैं। सरकार और CM पर तंज कसते हुए शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने कहा है- उस दावे का क्या हुआ? लगता है दिल्ली AAP की लॉबी ने मजबूर किया होगा। 3 पाॉइंट्स में जानिए, पूरा मामला… FIR में शिकायतकर्ता ने ये आरोप लगाए थे… CM ने इस तरह कार्रवाई की थी… CM के स्टिंग में फंसे सिंगला, 10 दिन में एक्शन
14 मई 2022 को CM के पास सिंगला की शिकायत आई थी। इसके बाद मान ने अफसर को भरोसे में लिया। उन्होंने कमीशन मांगने की रिकॉर्डिंग करवाई गई, जिसमें तत्कालीन मंत्री और उनके करीबियों के कमीशन मांगने के रिकॉर्ड बने। इसके बाद सिंगला को बुलाकर मान ने उनके सामने यह सबूत रखा तो मंत्री ने गुनाह कबूल कर लिया। CM की जांच में सामने आया था कि सिंगला ने टेंडर के बदले शुक्राना के नाम पर कमीशन मांगा था। मान ने कहा था- मैं केस को दबा सकता था
इसके बाद CM भगवंत मान ने बताया था, ‘मेरे ध्यान में केस आया। इसमें मेरी सरकार के मंत्री हर टेंडर या उस विभाग की खरीद-फरोख्त में 1% कमीशन मांग रहे थे। इस केस का सिर्फ मुझे पता है। मैं चाहता तो केस को दबा सकता था, लेकिन इससे लोगों का विश्वास टूट जाता। मैं उस मंत्री के खिलाफ सख्त एक्शन ले रहा हूं। उसे मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस को उसके खिलाफ केस दर्ज करने के लिए आदेश दे दिए हैं।’ केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्रतिक्रिया दी थी
CM मान के इस एक्शन पर AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया भी आई थी। उन्होंने कहा था- मुझे भगवंत मान पर गर्व है। उनकी इस कार्रवाई से मेरी आंखों में आंसू आ गए। पूरा देश आज आम आदमी पार्टी पर गर्व महसूस कर रहा है। अब क्लीन चिट मिलने के बाद विपक्ष क्या कह रहा… बादल बोले- CM के दावों का क्या हुआ
डॉ. विजय सिंगला को क्लीन चिट मिलने की खबरों के बाद AAP और CM मान पर विपक्ष हमलावर है। SAD के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने कहा- मुख्यमंत्री भगवंत मान को पंजाबियों को यह बताना चाहिए कि जिन सबूतों के आधार पर उन्होंने विजय सिंगला को मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया था और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज करवाया था, उनका क्या हुआ? बादल ने कहा- मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया था कि मंत्री ने उनके सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। अब ऐसा लगता है कि AAP दिल्ली लॉबी ने जांच एजेंसियों को विजय सिंगला को क्लीन चिट देने के लिए मजबूर कर दिया है। AAP सरकार ने साबित कर दिया है कि वह अपने ही किसी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकती। जबकि, वह विपक्ष के खिलाफ षडयंत्र रच रही है। इस मामले को राज्य से बाहर स्थानांतरित करने और किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की जरूरत है, ताकि न्याय सुनिश्चित हो सके।