भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने आज (18 फरवरी) पंजाब के 13 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी, बिजली चमकेगी और कई कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं। चंडीगढ़ में भी आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। यहां भी बारिश का मौसम बन रहा है। जानकारी यह भी है कि सेक्टर-48 में बूंदाबांदी हुई है। इससे मौसम में हल्की ठंडक महसूस की गई। पंजाब में अब अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक हो गया है। मानसा में सर्वाधिक 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगे 19 फरवरी से लेकर 23 फरवरी तक मौसम बिल्कुल साफ रहने की संभावना है। 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी मौसम विभाग के मुताबिक, आज पठानकोट, गुरदासपुर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, पटियाला, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी चलने की संभावना है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। तापमान में 2 से तीन डिग्री की बढ़ोतरी मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, आज कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इस समय ऐसा मौसम बना हुआ है इस समय पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती हवाओं के रूप में मध्य पाकिस्तान और आसपास के पंजाब क्षेत्र के ऊपर समुद्र तल से लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर मौजूद है। इसके प्रभाव से पंजाब और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर तक ऊपरी हवा में चक्रवाती हलचल बनी हुई है। एक और पश्चिमी विक्षोभ दक्षिण-पूर्वी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्र में सक्रिय है, जो समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है।