पंजाब के 4 जिलों में आज बारिश की संभावना है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और पटियाला में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लुधियाना, जालंधर और पठानकोट में बादल छाए हुए हैं। चंडीगढ़ में मौसम साफ है। विभाग के अनुसार 18, 19 और 21 मार्च को भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। उधर, हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में बीती रात बर्फबारी हुई। मनाली शहर में 2 इंच, ऊंचे पहाड़ों पर 5, अटल टनल रोहतांग में 8, रोहतांग दर्रा और शिंकुला में डेढ़ फीट से ज्यादा स्नोफॉल हुआ। पंजाब और चंडीगढ़ में 2 दिन हुई बारिश व ओले गिरने से ठंड एक बार फिर लौट आई है। 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 1.4°C की गिरावट दर्ज की गई है। अब यह सामान्य तापमान से 3.7°C कम बना हुआ है। दो दिनों में 7.6 डिग्री अधिकतम तापमान गिरा है। फरीदकोट में सबसे ज्यादा 26.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है, जबकि चंडीगढ़ में 26.4 डिग्री तापमान रहा है। पंजाब के बड़े शहरों में कैसा है मौसम… 3.6MM बारिश हुई, फिर भी कमी
पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब में औसतन 3.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश माधोपुर (पठानकोट) में 20 मिमी (2 सेमी) दर्ज की गई। जिलों के अनुसार पठानकोट में 11.5 मिमी और गुरदासपुर में 10 मिमी बारिश हुई। मोगा में बिल्कुल बारिश नहीं हुई (0 मिमी)। इसके अलावा बठिंडा में 0.1 मिमी और मुक्तसर में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। 1 मार्च से 16 मार्च तक पंजाब में अब तक कुल 4 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य तौर पर 14 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। इस तरह राज्य में बारिश 72% कम रही, जिसे मौसम विभाग ने ‘लार्ज डेफिसिएंट’ (भारी कमी) की श्रेणी में रखा है। होशियारपुर का तापमान 17.7 डिग्री दर्ज
पंजाब में दो दिनों में अधिकतम तापमान में 7.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। कई जिलों का तापमान 20 डिग्री से नीचे पहुंच गया। होशियारपुर में दिन का अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री दर्ज किया गया है। पठानकोट में 18.8 डिग्री और एसबीएस नगर में 20.7 डिग्री दर्ज किया गया है। तामपान तीन से 5 डिग्री बढ़ेगा
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक 18, 19 और 21 मार्च को कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद अगले 2 दिनों में तापमान 4 से 6°C तक गिर सकता है और फिर उसके बाद के 2 दिनों में दोबारा 3 से 5°C की बढ़ोतरी होने के आसार हैं।