जालंधर के सुंदर नगर में अनियंत्रित बोलेरो गाड़ी एक दुकान में जा घुसी। हादसे के वक्त दुकान के अंदर एक महिला अपने दो बच्चों के साथ मौजूद थी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन दुकान का सारा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। यह घटना नूरपुर कॉलोनी के पास सुंदर नगर स्थित शिवम मोबाइल वर्ल्ड नामक दुकान में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो गाड़ी तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर सीधे दुकान में घुस गई। दुकान के अंदर बैठी महिला को हल्की चोटें आईं और उनका सामान टूट गया। (पढ़ें पूरी खबर) लुधियाना में डीएसपी दलजीत सिंह का निधन लुधियाना में नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पहचाने जाने वाले डीएसपी दलजीत सिंह का निधन हो गया। वह 51 वर्ष के थे और लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनका इलाज मोहाली स्थित मैक्स अस्पताल में चल रहा था। किडनी फेल होने के कारण उनका नियमित डायलिसिस किया जा रहा था। सोमवार देर शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। वह पिछले लगभग एक वर्ष से मेडिकल छुट्टी पर थे। डीएसपी दलजीत सिंह लुधियाना देहाती पुलिस में एंटी नारकोटिक विंग में तैनात थे। बीमारी के चलते वह अवकाश पर थे, लेकिन इससे पहले उन्होंने लंबे समय तक इस विंग में सेवाएं दीं और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते रहे। (पढ़ें पूरी खबर) चंडीगढ़ में पत्नी की हत्या, पीयू प्रोफेसर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल चंडीगढ़ में दिवाली की रात साल 2021 में पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर में हुए सीमा गोयल हत्याकांड में अब कानूनी प्रक्रिया तेज हो गई है। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने पंजाब यूनिवर्सिटी के बिजनेस स्कूल के प्रोफेसर भरत भूषण गोयल के खिलाफ जिला कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। कोर्ट ने मामले में 6 मार्च से सुनवाई तय की है। पुलिस के अनुसार, नवंबर 2021 में दिवाली की रात प्रोफेसर की पत्नी सीमा गोयल का शव उनके पीयू स्थित आवास से बरामद हुआ था। उनके हाथ-पांव बंधे थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गला दबाकर हत्या की गई थी। वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया गया था कि करीब चार साल तक पुलिस मामले की गुत्थी नहीं सुलझा सकी। (पढ़ें पूरी खबर) लुधियाना में गैस सिलेंडर का पाइप फटा, व्यक्ति झुलसा लुधियाना के लोहारा इलाके में स्थित ज्ञान चंद नगर की गली नंबर-8 में बीती रात एक घर की रसोई में खाना बनाते समय अचानक आग लग गई जिसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। घायल की पहचान गोपाल महतो के रूप में हुई है। जानकारी देते हुए संजय ने बताया की उसके घर के नजदीक गोपाल महतो एक नट-बोल्ट बनाने वाली कंपनी में काम करता है। बीती रात जब वह काम से लौटकर अपने घर आया और रसोई में खाना बनाने की तैयारी करने लगा। जैसे ही उसने गैस जलाने के लिए लाइटर जलाया अचानक जोरदार धमाके के साथ आग लग गई। बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर का पाइप फटा होने के कारण गैस पहले ही कमरे में फैल चुकी थी। (पढ़ें पूरी खबर)