पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें:गर्लफ्रेंड के हत्यारे को शादी के लिए जमानत नहीं; पुलिस वर्दी पहना डांसर नचाई, रशियन डांस कराया

नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर मौसम में बदलाव है। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में मौसम खराब है। 6 जिलों में बारिश या बूंदाबांदी हुई है, जबकि अबोहर में ओले भी गिरे हैं। इससे अचानक तापमान गिरा है। वहीं, चंडीगढ़ से सबसे बड़ी वहां के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के ऑर्डर से जुड़ी है। कोर्ट ने एक भाई को उसकी बहन की शादी में शामिल होने की इजाजत नहीं दी, क्योंकि भाई अपनी गर्लफ्रेंड को जलाकर मारने का आरोपी है। कोर्ट ने कहा कि शादी की ऐसी कौन सी रस्म है जो इसके बिना नहीं होगी? दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. प्रदेश में मौसम बदला, 6 जिलों में बारिश, 9 में ओले गिरने का अलर्ट पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शनिवार रात से ही कई इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं। लुधियाना, फरीदकोट, अमृतसर, बठिंडा, जालंधर और पटियाला में आधी रात के बाद बारिश-बूंदाबांदी हुई। इसके अलावा आज दोपहर को अबोहर में ओले गिरे हैं। पठानकोट-चंडीगढ़ समेत कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज के लिए गरज-चमक, आंधी, तेज हवाओं के साथ 9 जिलों में ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। जालंधर में बारिश के बीच TET का पेपर देने आए कैंडिडेंट के अभिभावक स्कूलों के बाहर छिपते नजर आए। कई लोगों ने पेड़ की ओट लेकर खुद को बारिश से बचाया। सरकारी स्कूलों में पेपर के चलते गाड़ियां रोड पर पार्क होने से लाडोवाली रोड के कन्या सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अजीत चौक के पास लड़कों के सरकारी स्कूल से अलास्का चौक और कन्या सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल श्री राम चौक के पास जाम की स्थिति बनी रही। (पढ़ें पूरी खबर) 2. LPG संकट बरकरार, दुकान से सिलेंडर चोरी, ब्लैक हो रही घरेलू गैस पंजाब-चंडीगढ़ में गैस संकट बरकरार है। बरनाला में बस स्टैंड के पास एक चाय विक्रेता के ठेले से सिलेंडर चुरा लिया गया। वहीं, फिरोजपुर में 1600 रुपए में बिना बुकिंग किए घरेलू सिलेंडर बेचने का वीडियो सामने आया है। फिरोजपुर के सुखदेव गुरेजा ने 5 मार्च को HP गैस एजेंसी से घरेलू सिलेंडर बुक करवाया था। कई दिन बीत जाने के बावजूद एजेंसी की ओर से सिलेंडर नहीं दिया गया और उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़े। हर बार अलग-अलग बहाना बनाकर उन्हें टाल दिया गया। इसके बाद वह एजेंसी पहुंचे और वीडियो बना लिया, जिसमें कथित तौर पर बिना बुकिंग के घरेलू सिलेंड बेचा जा रहा है। प्रदेश में शनिवार को भी हालात बेकाबू रहे। इस बीच लुधियाना के ग्यासपुरा सुआ रोड पर कैले गैस एजेंसी में फूड सिविल सप्लाई की टीम ने रेड की। इस दौरान वहां से मैनेजर गुरप्रीत सिंह भाग गया। दरअसल, विभाग को मैनेजर की लोगों के साथ बदतमीजी करने की कई शिकायतें मिली थीं। इसी पर टीम एजेंसी पहुंची। इस दौरान जब टीम ने एजेंसी के कर्मचारी कमलप्रीत सिंह से पूछा कि कितने सिलेंडर एजेंसी में पड़े हैं तो वह कुछ बता नहीं सका। जिसके बाद उसे अधिकारियों ने अपने बयान लिखकर देने के लिए कहा। मौके पर DFSC और फूड सिविल सप्लाई के इंस्पेक्टर भी पहुंचे। (पढ़ें पूरी खबर) 3. गर्लफ्रेंड को जलाकर मारा, अब बहन की शादी भी नहीं देख पाएगा हत्यारा चंडीगढ़ में गर्लफ्रेंड को जिंदा जलाकर हत्या करने के मामले में आरोपी विशाल को उसकी बहन की शादी में शामिल होने की अनुमति नहीं मिली है। उसने 15 से 25 मार्च तक अंतरिम जमानत की मांग करते हुए चंडीगढ़ डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में याचिका दायर की थी, क्योंकि उसकी सगी बहन की शादी 20 मार्च को नई दिल्ली में तय है। कोर्ट ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए उसकी याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि जब बहन की शादी तय हुई, उससे पहले से ही वह जेल में है। साथ ही आरोपी यह भी नहीं बता पाया कि शादी की ऐसी कौन-सी रस्म है, जो उसके बिना नहीं हो सकती। आरोपी के वकील ने डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में बताया कि था कि वह 6 बहनों में इकलौता भाई है। हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार कुछ अनिवार्य संस्कार हैं, जिनके लिए उसकी मौजूदगी जरूरी है, लेकिन उसकी सभी दलीलें खारिज हो गईं। आरोपी फिलहाल 8 अप्रैल 2024 को सेक्टर-35बी स्थित पार्क में अपनी गर्लफ्रेंड रानी पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने के मामले में चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल में बंद है। (पढ़ें पूरी खबर) 4. बाइक पकड़ने पर युवक ने दिखाई ACP मामा की धौंस जालंधर में बिना नंबर प्लेट की बाइक पर जा रहे एक युवक को जब सोशल वर्कर ने रोका तो उसने लुधियाना में तैनात अपने एसीपी मामा की धौंस दिखाने की कोशिश की। युवक ने तुरंत जेब से फोन निकाला और सामने वाले को थमा दिया। फोन पर बात करने वाले ने खुद को लुधियाना में तैनात एसीपी बताया और कहा कि वह पहले जालंधर में एसएचओ रह चुका है। इस पर बाइक रोकने वाले समाजसेवक मनदीप सिंह दोसांझ ने कहा कि बाइक पर न तो नंबर प्लेट है और न ही कोई डॉक्यूमेंट दिखाया गया है। इस पर फोन पर बात कर रहे एसीपी ने कहा कि यह गलत है और युवक को पुलिस के हवाले कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस से कहकर उसका चालान कटवाया जाए। पुलिस खुद वेरिफिकेशन कर अपना काम कर लेगी। यह मामला रविवार सुबह करीब 10 बजे सोडल रोड का है। उस समय सोशल वर्कर वहां लोगों को जागरूक करने के लिए कैंपेन चला रहे थे। समाजसेवी मनदीप सिंह दोसांझ ने बताया कि चेतावनी देकर युवक को छोड़ दिया गया। (पढ़ें पूरी खबर) 5. AAP केरल-बंगाल इलेक्शन नहीं लडे़गी, CM मान बोले- हमारी पार्टी छोटी मोहाली में चल रही प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट का आज संपन्न हो गई। इस मौके पर पंजाब CM भगवंत मान ने कहा कि समिट काफी अच्छी रही। इन तीन दिनों में कौन-सी कंपनियां पंजाब में निवेश करने के लिए आगे आई हैं, इसका सारा ब्योरा कल दिया जाएगा, क्योंकि कल AAP सरकार को 4 साल पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमारे विरोधी कुर्सियों के लिए लड़ते हैं, हम पंजाब के लिए अड़ते हैं।” वहीं, उन्होंने ईरान और इजराइल जंग में बनी गैस की किल्लत पर BJP को घेरा। CM ने कहा- हमारे प्रधानमंत्री महीने में 15 दिन विदेश दौरों पर रहते हैं, लेकिन फिर भी इनके साथ कोई खड़ा नहीं होता है। इनके मित्र ने पहले नहीं बताया था कि लड़ाई होने वाली है। विदेश नीति पूरी तरह से फेल हो चुकी है। इस दौरान सीएम ने यह भी बताया कि इस बार AAP बंगाल और केरल में चुनाव नहीं लड़ेगी। उन्होंने कहा- हमारी पार्टी अभी छोटी है। इस पर अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान ही लेगी। (पढ़ें पूरी खबर) 6. छेड़छाड़ का आरोप लगाकर दुकानदार से 7 लाख रुपए मांगे लुधियाना में दुकानदार को रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 5 से 7 लाख रुपए मांगे गए। दुकानदार ने कहा कि महिला ने अपनी बेटी को काम पर रखने की बात कहकर 1000 रुपए उधार लिए थे। बाद में लड़की ने मोबाइल नंबर लेकर वॉट्सऐप पर बातचीत शुरू कर दी। कुछ दिन बाद अचानक लड़की की मां दुकान पर आई और बेटी के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाने लगी और केस दर्ज करवा दिया। समझौते के नाम पर पैसे मांगे और न देने पर रेप केस की धमकी दी। आरोपियों ने दुकानदार के रिश्तेदार को कॉल कर पैसे मांगे। उसकी उन्होंने पुलिस को कॉल रिकॉर्डिंग दी है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद 3 आरोपियों पर धारा 308(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई मनोहर लाल को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर) 7. AAP विधायक के PA पर आरोप- महिला सदस्यों को गलत इशारा किया मानसा ब्लॉक समिति के चुनाव के बाद अकाली दल और आम आदमी पार्टी के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। अकाली दल की महिला ब्लॉक समिति सदस्यों ने AAP के विधायक डॉ. विजय सिंगला के निजी सहायक (PA) गुरलाल सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। सदस्यों ने गुरलाल सिंह पर ब्लॉक समिति चुनाव के दौरान महिला कार्यकर्ताओं को गलत इशारे करने और अकाली कार्यकर्ताओं पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। यह शिकायत मानसा के एसएसपी और पंजाब महिला आयोग को दी गई है। मानसा में बीते दिन हुए ब्लॉक समिति के चेयरपर्सन और वाइस चेयरपर्सन के चुनाव के दौरान विवाद शुरू हुआ था। आरोप था कि अकाली दल के सदस्यों को कमरे में बंद कर उन्हें वोट देने से रोक दिया गया था। इसके साथ दोनों पदों पर AAP के सदस्यों ने जीत दर्ज की थी। जबकि, ब्लॉक समिति में शिरोमणि अकाली दल के पास 14 सदस्य थे, और आम आदमी पार्टी के पास 12 सदस्य थे। (पढ़ें पूरी खबर) 8. सिद्धू मूसेवाला की हवेली पहुंचे सिंगर गुरदास मान, छोटे सिद्धू के पैर छुए पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के बाबा बोहड़ कहे जाने वाले दिग्गज सिंगर गुरदास मान आज सुबह दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के गांव मूसा पहुंचे। यहां उन्होंने मूसेवाला की हवेली में जाकर परिवार से मुलाकात की। इस दौरान माहौल उस समय बेहद भावुक हो गया जब गुरदास मान ने सिद्धू के छोटे भाई (छोटा सिद्धू) के पैर छुए। बाहें फैलाकर बोले- वही जज्बा, वही चेहरा। जैसे ही गुरदास मान ने हवेली में कदम रखा, उन्होंने अपनी दोनों बाहें फैलाकर सिद्धू को याद किया। सिद्धू की माता चरण कौर ने जब उनका स्वागत किया तो मान ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद जब उन्होंने छोटे सिद्धू को देखा तो उन्होंने कहा यह तो बिल्कुल हूबहू शुभदीप (सिद्धू) जैसा लग रहा है। (पढ़ें पूरी खबर) 9. शादी में आई डांसरों को पुलिस की वर्दी पहनाकर नचाया, रशियन डांस भी कराया बठिंडा के एक भंगड़ा ग्रुप का पुलिस की वर्दी में भंगड़ा सुर्खियों में है। इस पर एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया के सदस्य गुरविंदर ने सवाल उठाया है। गुरविंदर ने वीडियो को अपने फेसबुक अकाउंट पर अपलोड कर पुलिस से पुलिस यूनिफॉर्म के मिसयूज पर रोक लगाने की मांग की है। गुरविंदर ने कहा कि सैकड़ों लोगों की भीड़ में भंगड़े और एक्ट की आड़ में पुलिस की वर्दी के सम्मान को कम किया जा रहा है। इसके जवाब में भंगड़ा ग्रुप चलाने वाले विपन ने कहा कि इसमें कोई बुराई नहीं है। वह पंजाबी फिल्मों पर एक्टिंग करते हैं। इसमें नकली सामान को यूज किया जाता। हथियारों को दिखाने की बात है तो ये भी नकली होते हैं। गुरविंदर ने कुछ फोटो टैग कर सवाल पूछा कि क्या यह पंजाब पुलिस की वर्दी का अपमान नहीं है? आमतौर पर अगर कोई छोटा बच्चा नकली हथियार के साथ या कोई युवक एयर गन के साथ रील बनाता है, तो पंजाब पुलिस केस दर्ज कर देती है। क्या यह सरेआम लोगों की भीड़ के सामने हथियारों का प्रदर्शन नहीं है? पुलिस की वर्दी, लोगो और बैज, आदि लगाकर पूरी वर्दी में स्टेज पर नाचना, क्या यह वर्दी और पुलिस के सम्मान को कम नहीं कर रहा है? (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके… 10. जेब से गिरी खिलौना पिस्टल देख डरे लोग, लुटेरा समझ पकड़ा घायल, पुलिस बुलाई जालंधर शहर की जनता कॉलोनी में रविवार को अजीब घटना घटी। यहां उस समय सनसनी फैल गई जब एक्सीडेंट के बाद एक युवक की जेब से पिस्टल गिर गई। लोगों ने लुटेरा समझ युवक को काबू कर लिया और पुलिस को बुला लिया। थाना डिविजन नंबर-1 से पहुंचे सुरजीत सिंह ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला वह सैलून में काम करता है और उसके पास से मिली पिस्टल खिलौना है। सैलून से लौटते वक्त जनता कॉलोनी के पास उसकी स्कूटी स्लिप हो गई और खिलौना पिस्टल गिर गई। लोगों को लगा कि वह लुटेरा है। जांच अधिकारी ने बताया कि युवक कपूरथला का रहने वाला है। नाबालिग होने के चलते उसकी पहचान छिपाई गई है। जांच अधिकारी सुरजीत सिंह ने बताया कि नाबालिग लड़के के माता-पिता को कपूरथला से जालंधर बुलाया गया था। उसे माता-पिता के हवाले कर दिया गया है और आइंदा खिलौना पिस्टल भी यूज नहीं करने को कहा गया गया है। माता-पिता उसे अपने साथ ले गए। जांच अधिकारी ने बताया कि लोगों को लगा था कि वह चोर या लुटेरा है, लेकिन पूछताछ में ऐसा कुछ नहीं निकला। (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *