नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर पूर्व चीफ सेक्रेटरी विजय कुमार जंजुआ पर भ्रष्टाचार का केस चलने की रही। उन पर जमीन आवंटन के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। चंडीगढ़ की बड़ी खबर ऑक्सीजन सपोर्ट पर पेपर देने से जुड़ी रही। यहां छात्रा व्हीलचेयर पर बैठककर परीक्षा केंद्र पहुंची। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. पंजाब के पूर्व चीफ सेक्रेटरी पर चलेगा भ्रष्टाचार का केस पंजाब के पूर्व चीफ सेक्रेटरी विजय कुमार जंजुआ की मुश्किलें बढ़ गई हैं। केंद्र सरकार ने 5 लाख रुपए के रिश्वत मामले में उनके खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। यह मामला साल 2009 का है। विजय कुमार उस समय उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में निदेशक-सह-सचिव के पद पर तैनात थे। उन पर जमीन आवंटन के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। इस मामले में अब विशेष अदालत में सुनवाई होगी। आदेश में कहा गया है कि जांच में पर्याप्त सबूत मिले हैं। केंद्र सरकार ने यह मंजूरी पंजाब सरकार की सिफारिश, सेंट्रल विजिलेंस कमीशन की सलाह और जांच रिपोर्ट की समीक्षा के बाद दी है। शुक्रवार को केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल सतपाल जैन ने हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान यह जानकारी दी। याचिका में केस की मंजूरी न देने पर कार्रवाई की मांग की गई थी। लुधियाना के रहने वाले तुलसी राम मिश्रा ने आरोप लगाया था कि उनके प्लॉट के साथ लगती खाली जमीन के आवंटन के लिए 5 लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई। शिकायतकर्ता का कहना था कि वे वर्ष 2001 से जमीन आवंटन के लिए आवेदन कर रहे थे। लेकिन हर बार यह कहकर मना कर दिया जाता था कि जमीन उपलब्ध नहीं है। (पढ़ें पूरी खबर) 2. चंडीगढ़ में फिर कटेंगे मैनुअल चालान, पहले CCTV से हो रहे थे चंडीगढ़ में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों पर एक बार फिर से सख्ती शुरू कर दी गई है। शराब पीकर गाड़ी चलाने, नंबर प्लेट पर टेप लगाने और खुलेआम रॉन्ग साइड वाहन दौड़ाने वालों के अब दोबारा मैनुअल चालान काटे जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस ने इसके लेकर नए आदेश जारी किए हैं। दरअसल, पिछले कुछ समय से पुलिस ने मैनुअल चालान बंद कर दिए थे और चालान केवल सीसीटीवी कैमरों के जरिए किए जा रहे थे। इसके बाद कई वाहन चालक ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते दिखे। कैमरों से बचने के लिए कुछ लोगों ने अपनी गाड़ियों की नंबर प्लेट के पीछे टेप तक लगा रखा था, ताकि ई-चालान से बचा जा सके। इसको लेकर अब डीजीपी सागरप्रीत हुड्डा ने भी साफ निर्देश जारी किए हैं कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई होगी। हालांकि, उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी बिना बात के लोगों को परेशान न करने की अपील की। शहरवासियों ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी कि ट्रैफिक पुलिस के जवान ज्यादातर शहर के एंट्री पॉइंट पर दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों को रोककर जांच के नाम पर परेशान करते हैं। इसके बाद सीसीटीवी बेस्ड चालान सिस्टम शुरू कर दिया गया। कई मामलों में बिना किसी स्पष्ट उल्लंघन के भी वाहन चालकों को रोका जा रहा था। (पढ़ें पूरी खबर) 3. लुधियाना में छेड़छाड़ से परेशान होकर युवती ने किया सुसाइड लुधियाना के जगराओं छेड़छाड़ और धमकियों से परेशान होकर युवती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मां पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से बेटी को परेशान कर रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव में थी। सुबह करीब 8 बजे आरोपी ने फोन कर कहा कि उसके पास कविता से हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग है। उसने धमकी दी कि यदि शादी नहीं की गई तो वह रिकॉर्डिंग वायरल कर देगा। इसके बाद आरोपी ने युवती को भी फोन पर धमकाया। महिला ने बताया कि बेटी ने आरोपी से कहा था कि यदि उसने उसे तंग करना बंद नहीं किया तो वह जहरीली दवाई पी लेगी। इस पर आरोपी ने कहा कि उसे कोई फर्क नहीं पड़ता। इससे आहत होकर बेटी ने गांव खुरशैदपुरा के पास सतलुज नदी पुल के नजदीक जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसकी सूचना मिलने पर परिजन उसे तुरंत गांव की क्लिनिक ले जाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे बड़े अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन जब उसे जिला मोगा के अस्पताल ले जा रहे थे, तो रास्ते में ही युवती ने दम तोड़ दिया। (पढ़ें पूरी खबर) 4. नवजोत बोलीं- वड़िंग ने 100 एकड़ जमीन लूट मनी-फर्जी साइन से हड़पी पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग पर जीरकपुर में 100 एकड़ जमीन हड़पने का आरोप लगाया। नवजोत कौर ने सोशल मीडिया (X) पर लिखा कि 40 एकड़ जमीन लूटे गए पैसों से खरीदी और 60 एकड़ फर्जी साइन व अंगूठे लगवाकर हड़पी गई। यही नहीं, कांग्रेस से जुड़ने वाले युवाओं से साढ़े 7 करोड़ रुपए इकट्ठा किए गए। साथ ही 2400 करोड़ रुपए के कथित घोटाले में, जो पूर्व पंजाब कांग्रेस प्रभारी (राजस्थान) से जुड़ा बताया जा रहा है, उस पर भी जवाब दें। इसके जवाब में राजा वड़िंग ने कहा कि जिन लोगों की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होती, उनके बारे में रोज-रोज बयान देना ठीक नहीं है। नवजोत कौर सिद्धू ने पहले भी वड़िंग के खिलाफ बयानबाजी की, जिसके बाद कांग्रेस ने उन्हें पहले सस्पेंड किया और फिर पार्टी से निकाल दिया। इसके बाद नवजोत कौर सिद्धू भाजपा से नजदीकिंया बढ़ा रही हैं। वहीं पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान रहे उनके पति नवजोत सिद्धू ने अभी तक पत्नी के साथ हो रहे बर्ताव को लेकर कोई बयान नहीं दिया है। (पढ़ें पूरी खबर) 5. अमेरिका में पंजाबी ड्राइवर ने 3 गाड़ियों को उड़ाया अमेरिका के इंडियाना में पुलिस ने पंजाबी ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान सुखदीप सिंह के नाम से हुई है। उसने अपने सेमी-ट्रक से एक सफेद पिकअप ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप ड्राइवर 64 वर्षीय टेरी की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुखदीप ने रेड लाइट जंप की, जिससे कुल तीन वाहन इस हादसे की चपेट में आ गए। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हेंड्रिक्स काउंटी में हुई, जो इंडियानापोलिस के पश्चिम में स्थित है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी सुखदीप सिंह अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा था। अमेरिकी पुलिस के मुताबिक, वह न केवल लापरवाही से वाहन चला रहा था, बल्कि उसकी इमिग्रेशन स्थिति भी अवैध पाई गई। फिलहाल वह इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) की हिरासत में है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पंजाबी ट्रक ड्राइवर सुखदीप सिंह 2018 में अवैध तरीके से अमेरिका पहुंचा था, जहां उसे पुलिस ने पकड़ा लिया था। उस वक्त सुखदीप सिंह नाबालिग था। सुखदीप सिंह पर ओवरस्पीडिंग के तीन बार चालान हो चुके हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 6. पंजाब में 96 अधिकारियों का तबादला पंजाब में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। बजट पेश होने से ठीक पहले सरकार ने 96 अधिकारियों की ट्रांसफर कर दी। इसमें 9 IAS अधकारी और 87 PCS ऑफिसर शामिल हैं। राजदीप सिंह बराड़ को अतिरिक्त उपायुक्त (शहरी विकास), बठिंडा और साथ ही अतिरिक्त मुख्य प्रशासक, बठिंडा विकास प्राधिकरण लगाया गया है। IAS रुबिंदरजीत सिंह बराड को अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पंजाब ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन और साथ ही अतिरिक्त सचिव, एनआरआई मामले तथा अतिरिक्त सचिव, स्थानीय सरकार लगाया। दिव्या पी को अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) जालंधर। IAS विवेक कुमार मोदी को अतिरिक्त उपायुक्त बरनाला, IAS कृष्ण पाल राजपूत को अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास)। IAS डी गोयल को अतिरिक्त उपायुक्त (सामान्य) लागया गया है। (पढ़ें पूरी खबर) 7. चंडीगढ़ में ऑक्सीजन सपोर्ट पर परीक्षा देने पहुंची 12वीं की छात्रा चंडीगढ़ की 17 साल की छात्रा कनिष्का बिष्ट ने गंभीर निमोनिया और 13 दिन ICU में रहने के बावजूद CBSE की 12वीं की परीक्षा दी। 10 दिन तक बेहोश रहने के बाद भी उसने हार नहीं मानी और व्हीलचेयर पर ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ परीक्षा केंद्र पहुंची। इस दौरा डॉक्टरों की टीम उसके साथ परीक्षा केंद्र पहुंची। कनिष्का सेक्टर-26 स्थित खालसा स्कूल में पढ़ती हैं, जबकि मनीमाजरा में उनका सेंटर था। पिता प्रेम सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले बेटी को खांसी-जुकाम हुआ था। बाद में सीने में कफ जम गया और निमोनिया हो गया। हालत बिगड़ने पर उसे आईसीयू में भर्ती करना पड़ा। 13 दिन तक वह आईसीयू में रही और दस दिन तक बेहोश थी। उन्होंने बताया कि कि शुक्रवार को बेटी ने कहा कि उसने पेपर देना है 12वीं का पेपर है, इसलिए वह उसे नहीं छोड़ सकती। इसके बाद वह बेटी को पेपर दिलवाने के लिए लाए थे कनिष्का बचपन से ही दिव्यांग है और पहले भी कई मुश्किलों का सामना कर चुकी है। इस बार बीमारी ने उसे बहुत कमजोर कर दिया था। लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। (पढ़ें पूरी खबर) 8. अमृतसर में 30 लाख फिरौती केस में यूथ कांग्रेस नेता गिरफ्तार अमृतसर पुलिस ने फिरौती मांगने के मामले में पंजाब यूथ कांग्रेस के हलका बाबा बकाला के नेता को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आजाद सिंह निवासी गांव बुटारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार यह मामला हलका जंडियाला गुरु क्षेत्र से जुड़ा है। 14 जनवरी को जंडियाला गुरु के रहने वाले दीपक जुल्का को विदेशी मोबाइल नंबरों से लगातार कॉल और मैसेज आने शुरू हुए। कॉल करने वालों ने अपनी पहचान केशव शिवाला, सत्ता नौशहरा और करण बाठ के रूप में बताई और 30 लाख रुपय की फिरौती की मांग की। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि रकम अदा नहीं की गई तो उसे और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद दीपक ने अमृतसर देहाती पुलिस से संपर्क किया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने आजाद सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के संपर्क गैंगस्टरों से हैं। वह गैंगस्टरों को कहता था कि मेरी चुनाव में मदद की जाए, ताकि मैं जीत सकूं। बताया जा रहा है कि आजाद सिंह के खिलाफ पहले भी एक मामला दर्ज है। (पढ़ें पूरी खबर) 9. सिंगर ने उड़ाया कांग्रेस प्रधान के 12×5=48 बयान का मजाक पंजाब कांग्रेस के प्रधान राजा वडिंग के बयान पर मीम बनने के बाद अब सॉन्ग बनने भी शुरू हो गए हैं। कांग्रेस प्रधान के जनवरी में दिए 12 गुना 5 बराबर 48 के बयान पर लुधियाना के डुएट सिंगर पिंदू शाह ने सॉन्ग रिलीज किया है। इसमें उन्होंने वडिंग और बिना सोचे समझे बोलने वालों पर तंज कसा है। गीत के बोलों में पत्नी बनी सिंगर कहती हैं कि जट्टा तुम पागल हो गए हो जो बिना सोचे समझे कुछ भी कहे जा रहे हो। इस पर पति जवाब देता है कि मैं ज्यादा दारू पीने पर भी कभी भाभी को साली नहीं कहता, खा पीके भी 12 पांजे 48 नहीं कहता। पंजाबी सिंगर पिंदे शाह ने 2 दिन पहले ही इस गीत को अपने यूट्यूब पर रिलीज किया था। राजा वडिंग के बयान से जुड़ा होने के चलते ये गीत तेजी से वायरल हो रहा है और 2 दिन में ही इसे 50 हजार के करीब व्यूज मिल चुके हैं। गीत का टाइटल मैथेमेटिक में 12×5 =48 रखा गया है। बता दें कि पंजाब में 4 साल बाद भी महिलाओं को आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के 1 हजार रुपए महीना न देने पर राजा वड़िंग की जुबान फिसल गई थी। एक रैली में वड़िंग ने कहा था कि अगर AAP वोट मांगने आए तो पहले उनसे पूछना कि पहले 4 साल के बकाया रुपए दो। इसी दौरान 12 गुणा 5 को वड़िंग ने 60 की जगह 48 बता दिया था। (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके… 10. पंजाब शिक्षा बोर्ड पेपर में पूरे प्रश्न छापना भूला पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड आठवीं कक्षा की परीक्षा के साइंस विषय के पेपर में तीन प्रश्न पंजाबी में लिखना भूल गया। शुक्रवार सुबह परीक्षा केंद्रों में जब आठवीं कक्षा का प्रश्न पत्र खोला गया तो उसमें पंजाबी में 27 प्रश्न प्रिंट थे, जबकि अंग्रेजी व हिंदी में 30-30 प्रश्न थे। मामला पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों तक पहुंचा तो उन्होंने वाट्सएप के जरिए सेंटर सुपरिटेंडेंट को मैसेज जारी किया। मैसेज में कहा गया कि परीक्षा में ड्यूटी दे रहे टीचरों को कहकर पंजाबी मीडियम के स्टूडेंट्स को तीनों प्रश्न पंजाबी में लिखवाएं ताकि बच्चे परीक्षा दे सकें। कुछ परीक्षा केंद्रों में मैसेज तो पहुचे लेकिन स्टूडेंट्स को इस बारे में पता नहीं चला तो वो प्रश्न छोड़कर आ गए। स्कूल संघ पंजाब के गोराया इकाई के प्रमुख जोधा सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों में प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थियों को पंजाबी में तीन प्रश्न नहीं बताए गए। जिसकी वजह से ज्यादातर बच्चे 15 नंबर के प्रश्न छोड़कर आ गए। उन्होंने कहा कि वो बारे में पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड को शिकायत भी भेजेंगे। (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)