नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर AAP मंत्री लालजीत भुल्लर से जुड़े रंधावा सुसाइड केस की रही। पहले डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप रंधावा के सुसाइड का VIDEO सामने आया। फिर पत्नी ने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जांच CBI को देने की बात कही। इसके कुछ घंटे बाद पंजाब पुलिस ने भुल्लर को गिरफ्तार कर लिया। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. सुसाइड केस में पूर्व AAP मंत्री भुल्लर गिरफ्तार पंजाब में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड केस में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अमृतसर के DCP रविंदर पाल ने कहा कि उन्होंने फतेहगढ़ साहब पुलिस की मदद से लालजीत सिंह भुल्लर को मंडी गोबिंदगढ़ से गिरफ्तार किया है। DCP ने कहा- भुल्लर को अमृतसर लाया जा रहा है। उन्हें कोर्ट में कल पेश करेंगे। इस बीच राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने भुल्लर का इस्तीफा मंजूर लिया है। वहीं, लालजीत सिंह भुल्लर ने सोशल मीडिया (फेसबुक) पर पोस्ट डालकर दावा किया कि उन्होंने सरेंडर किया है। इधर, रंधावा का अभी तक पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है। उनकी लाश अमृतसर के अस्पताल में रखी गई है। DCP आज फिर से परिवार से मिलने घर पहुंचे हैं। वह बंद कमरे में परिवार के साथ बात कर रहे हैं। परिवार अभी सीबीआई जांच की मांग और पीजीआई के बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करने की मांग कर रहा है। इससे पहले DCP रविंदर पाल सिंह टीम के साथ परिजनों से DM का मोबाइल फोन लेने गए थे। उन्होंने कहा कि उसमें कुछ सबूत हो सकते हैं। हालांकि, परिजनों ने अधिकारी को बिना मोबाइल दिए लौटा दिया और कहा कि पहले आरोपी को पकड़ो। दोपहर में यह मामला लोकसभा में उठा। जिस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पंजाब के सारे सांसदों से मेरा निवेदन है कि मुझे लिखकर दे दें, मैं केस CBI को ट्रांसफर कर दूंगा। (पढ़ें पूरी खबर) 2. रंधावा सुसाइड का VIDEO सामने आया, DC-MD ने चिट्ठी मिलने से इनकार किया अमृतसर में मंत्री लालजीत भुल्लर पर आरोप लगा 21 मार्च को सुसाइड करने के बाद पहली बार डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप रंधावा के सुसाइड करते हुए का CCTV फुटेज सामने आया। करीब 3 मिनट के इस फुटेज में रंधावा 21 मार्च की सुबह पौने 6 बजे घर के आंगन में टहलते दिख रहे हैं। इस दौरान वह कुछ सोचते हुए नजर आते हैं। फिर टहलते हुए अचानक रुकते हैं और सल्फास की गोलियां मुंह में डालकर पानी पी लेते हैं। इसके बाद ही उन्होंने दूसरा वीडियो मोबाइल से बनाया था। जिसमें कहा था कि दोस्तों, मैंने सल्फास खा ली, मिनिस्टर लालजीत भुल्लर से तंग आकर, अब मैं नहीं बचूंगा। इसी बीच पत्नी के आरोपों के बाद भास्कर ने वेयरहाउस के MD गौतम जैन और तरनतारन के DC राहुल सिंधु से बात की। दोनों अफसरों ने कहा कि उन्हें रंधावा की कोई चिट्ठी नहीं मिली। DC राहुल सिंधु ने कहा कि रंधावा उनसे सुसाइड से 4 दिन पहले जरूर मिले थे। मैंने उन्हें कहा था कि जो जो आपने मुझे मौखिक तौर पर कहा है वो ऑफिशियली लिखकर दें। मैं निश्चित तौर पर कार्रवाई करवाऊंगा चाहे इसमें कोई भी हो। उन्होंने इस संबंध में मुझे लिखित तौर पर कुछ नहीं दिया। MD गौतम जैन ने कहा- मेरे पास डीएम गगनदीप रंधावा के कोई लेटर नहीं आए। मुझे घटना की जानकारी मिली तो मैंने उनसे बात की। उन्होंने अपनी बात रखी और कहा कि मैं स्ट्रेस में हूं और यहां काम नहीं कर सकता हूं। उसके बाद में अगले दिन ही उनका ट्रांसफर चंडीगढ़ कर दिया ताकि वो यहां पर स्ट्रेस फ्री रहकर अपना काम कर सकें (पढ़ें पूरी खबर) 3. SDM बोले- DC ने मीटिंग में धमकाया, डीसी ने कहा- ये आरोप बेबुनियाद मोगा के DC पर बाघापुराना के SDM ने धमकाने के आरोप लगाए हैं। SDM ने इस संबंध में चीफ सेक्रेटरी को चिट्ठी भेजी है। एसडीएम बबनदीप सिंह वालिया ने चीफ सेक्रेटरी को लिखी चिट्ठी में लिखा- 17 मार्च को पंचायत समिति के चेयरपर्सन और वाइस-चेयरपर्सन के चुनाव हुए। स्थिति बिगड़ने पर चुनाव पूरे नहीं हो पाए। मैंने ये बात DC सागर सेतिया को बताई। एसडीएम ने कहा- उसके बाद मुझे DC ने लगातार और बेवजह परेशान किया। मुझे बार-बार मीटिंग के लिए बुलाया, फोन कॉल कर धमकियां दी गईं, जिससे डर का माहौल बना। छुट्टी वाले दिन भी मुझे फोन कर मानसिक रूप से परेशान किया गया। इससे परेशान होकर मुझे फोन भी बंद करना पड़ा। SDM ने आगे कहा- मुझे अलग-अलग नंबरों से फोन कर जान से मारने की धमकियां दी गईं। इस बारे में DC सागर सेतिया ने कहा- एसडीएम की ओर से केवल दो लाइनों का एक मैसेज मिला था। इसमें कहा गया था कि 17 मार्च को चेयरमैन और वाइस-चेयरमैन के पदों के लिए होने वाला चुनाव कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से पूरा नहीं हो सका। उसी दिन मुझे कुछ ब्लॉक समिति सदस्यों की शिकायतें भी मिलीं। आरोप एसडीएम के खिलाफ थे, इसलिए मैंने तुरंत मामले की जांच के आदेश दिए। (पढ़ें पूरी खबर)
4. कर्ज से परेशान सगे भाइयों ने दी जान, हाथ पकड़कर ट्रेन के आगे कूदे फरीदकोट में कर्ज से परेशान सगे भाईयों ने सुसाइड कर लिया। दोनों हाथ पकड़कर ट्रेन के आगे कूद गए। इसका पता चलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद दोनों की लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। मरने वालों में गांव हरीनौ के जसकरण सिंह (38) और उसका छोटा भाई जसविंदर सिंह उर्फ जोरा सिंह (34) शामिल हैं। परिवार के मुताबिक जसकरण सिंह और जसविंदर सिंह पर लगभग 50 लाख का कर्जा था। 3 महीने पहले उन्होंने जमीन बेचकर कुछ कर्ज उतार दिया। इसके बाद भी 25 लाख रुपए का कर्जा बाकी था। 9 महीने पहले ही उन्होंने नया ट्रैक्टर भी खरीदा था। जिसकी किस्तें भी वे नहीं चुका पा रहे थे। हाल ही में उनकी आलू की फसल भी खराब हो गई। जिसके बाद वह काफी दबाव में आ गए। परिजनों के मुताबिक ट्रैक्टर की किश्तें जमा न होने से भी उन्हें बार-बार बैंक से फोन आ रहे थे। इन दोनों भाइयों की शादी सगी बहनों से हुई थी। मृतक बड़े भाई जसकरण सिंह की 6 साल की बेटी है, जबकि छोटे भाई जसविंदर सिंह की 4 साल की एक बेटी है। घर में बुजुर्ग माता-पिता भी हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 5. गुटका साहिब की बेअदबी, CCTV में बच्चा अंग फाड़कर गली में बिखेर रहा लुधियाना के खन्ना में बेअदबी का मामला सामने आया है। यहां गली में पवित्र गुटका साहिब के फटे हुए अंग बिखरे मिले हैं। जिसके बाद सिख संगठन भड़क उठे। वह तुरंत वहां पहुंचे और पुलिस बुला ली। पुलिस ने जांच की तो CCTV फुटेज में 11 साल का बच्चा गुटका साहिब के अंग बिखेरता हुआ नजर आया। जिसके बाद पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर बच्चे के बारे में तलाश शुरू कर दी है। लोगों का आरोप है कि यह सिर्फ बच्चे की हरकत नहीं हो सकती। जरूर इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। पुलिस को इस मामले की पूरी पूछताछ कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। बेअदबी से जुड़ी फुटेज दोपहर 2 बजे के लगभग का टाइम दिखा रहा है। इसमें दिख रहा है कि एक लड़का गली से गुजर रहा है। वह पहले आगे-पीछे देखता है। इस दौरान वह अपने हाथ से गुटका साहिब के अंग फाड़-फाड़कर गली में ही नीचे फेंक रहा है। इस दौरान उसके सामने से एक व्यक्ति गुजरता है लेकिन वह भी बच्चे की तरफ देखता है। वह थोड़ी देर रुककर वह बच्चे को कुछ पूछता है। बच्चा भी पीछे मुड़कर देखता है लेकिन फिर अंगों को हवा में फेंकते हुए आगे गुजरता चला जाता है। इस दौरान कोई बच्चे को नहीं रोकता (पढ़ें पूरी खबर) 6. मोहाली में सेशन जज के घर में घुस गए चोर मोहाली में चोर सेशन जज के घर में ही घुस गए। इसका पता चलते ही पुलिस तुरंत सेक्टर 94 स्थित जज के घर पर पहुंची। जिसके बाद पूरे घर में जांच कर चोरी के बारे में सबूत खंगाले गए। जिस दिन चोरी हुई, सेशन जज नीलम अरोड़ा गनमैन के साथ मोगा में ड्यूटी पर गई थीं। पुलिस ने जज के सिक्योरिटी स्टाफ की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पंजाब पुलिस में तैनात हरिंदर सिंह ने बताया कि उसकी ड्यूटी मोगा की सेशन जज नीलम अरोड़ा के साथ है। उन्हें मोहाली में सरकारी क्वार्टर मिला हुआ है। 5 मार्च 2026 को परिवार सहित घर बंद कर जज मोगा चली गईं। 20 मार्च की रात करीब साढ़े 8 बजे जब घर लौटीं तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पड़ा है। अंदर घुसे तो सारे कमरे अस्त-व्यस्त थे, अलमारियां खुली हुई थीं, सामान बिखरा पड़ा था और घर की सभी लाइटें जल रही थीं। जांच में पता चला कि चोर पीछे के दरवाजे को खोलकर अंदर घुसे थे। उन्होंने पूरे घर में घूम-घूमकर तलाशी ली। वह रसोई से पीतल की श्रीकृष्ण की मूर्ति, पीतल के बर्तन, साथ ही बाथरूम के नल और फिटिंग्स तक चोरी कर ले गए। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं (पढ़ें पूरी खबर) 7. SSB के जवान ने होटल में सुसाइड किया नवांशहर के सीमा सुरक्षा बल (SSB) जवान ने उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के होटल में सुसाइड कर लिया। हेड कॉन्स्टेबल हुसन लाल (41) होटल में 3 दिन से रुका था। जब स्टाफ का एक व्यक्ति जवान को पानी देने कमरे में गया तो इसका पता चला। यह जवान एसएसबी की 11वीं वाहिनी डीडीहाट में तैनात था। तीन दिन पहले ही वह घर से छुट्टी खत्म कर लौटा था, मगर ड्यूटी जॉइन नहीं की। लोकल पुलिस के मुताबिक हेड कॉन्स्टेबल हुसन लाल 18 मार्च को छुट्टी पूरी कर डीडीहाट पहुंचा था। इस दौरान उनसे अपने साथियों से भी बातचीत नहीं की। वह तीन दिन तक होटल में रहा। जब 21 मार्च को वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो रात लगभग 9 बजे होटल कर्मचारी ने जवान के कमरे में पानी पहुंचाने के लिए दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कुंडी नहीं लगी थी। जैसे ही होटल कर्मी ने दरवाजा खोला तो कमरे में जवान फंदे से लटका हुआ था। कर्मी ने होटल मालिक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद होटल मालिक ने पुलिस को फोन से सूचना दी। थानाध्यक्ष संजय जोशी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारा गया। एसएसबी जवान ने मफलर का फंदा बनाया था। जवान की ड्यूटी नेपाल बॉर्डर के पास थी। 8. धुरंधर-2 के सीन पर सिख समुदाय नाराज बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर सिख समुदाय ने एतराज जताया है। सिख समुदाय का कहना है कि इसके एक सीन में सिखों की धार्मिक भावनाएं आहत की गई हैं। इसमें फिल्म निर्माताओं और कलाकारों से सार्वजनिक माफी की मांग की जा रही है। सिख संगठन का कहना है कि एक सीन में गुरबाणी के एक पवित्र श्लोक का अनुचित तरीके से इस्तेमाल किया गया है। महाराष्ट्र स्थित संगठन “सिख इन महाराष्ट्र” के अध्यक्ष गुरजोत सिंह ने कहा कि इस सीन में सिख परंपराओं और दसवें गुरु श्री गुरू गोबिंद सिंह के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली प्रस्तुति दिखाई गई है। इस संबंध में मुंबई के मुलुंड पुलिस थाने में फिल्म निर्माता और अभिनेता के खिलाफ शिकायत भी दर्ज करवाई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फिल्म के जरिए सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो आंदोलन शुरू किया जा सकता है। (पढ़ें पूरी खबर) 9. CM बोले- लीडरों ने अपने नाम पर स्टेडियम बनवा लिए, शहीदों के लिए कुछ नहीं किया शहीद भगत सिंह के शहीदी दिवस पर CM भगवंत मान फिरोजपुर पहुंचे। उन्होंने हुसैनीवाला में शहीदों की यादगार स्थल पर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर सीएम ने हुसैनीवाला में बनने वाले विरासती कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास किया। सीएम ने कहा कि आज शहीदों के दिखाए गए रास्ते पर चलकर पंजाब तरक्की की राह पर बढ़ रहा है। सीएम मान ने कहा कि पहले से बहुत सुधार हुआ है, इसलिए जनता उनपर विश्वास बनाए रखे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ओर सुधार होगा। 95 वर्ष बीत गए अब यहां शहीदों की यादगार बनने जा रही है। पिछली सरकारों क्या करती रहीं। लीडरों ने अपने नाम पर स्टेडियम क्या, बहुत कुछ बना लिया है। मगर, शहीदों के नाम पर कुछ नहीं किया । उन्होंने कहा कि काफी समय तक केंद्र सरकार नहीं मान रही थी कि मोहाली एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर नहीं रखना है। लेकिन उन्होंने वहां तीस फुट ऊंची प्रतिमा लाकर लगा दी गई। जिसके बाद मोहाली एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह रखा गया। सीएम ने कहा कि इन्कलाब के दीये में चाहे तेल की जगह खून डालना पड़े, लेकिन इन्कलाब का दिया बुझने नहीं देंगे।(पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके 10. असली पुलिसकर्मी ने लगाया फर्जी नाका, भीड़ ने पीटा जालंधर में असली पुलिसकर्मी के फर्जी नाके का मामला सामने आया है। कर्मचारी पंजाब आर्म्ड पुलिस यानी PAP में तैनात था। वह नकोदर रोड पर नाका लगाकर बैठा था। उसने वर्दी भी नहीं पहनी थी। इस दौरान एक निहंग को उस पर शक हो गया। निहंग ने बताया कि मुलाजिम नाके पर लोगों को रोककर कागजात चेक कर रहा था। इस दौरान उसे भी रोका गया। उसके पास सभी डॉक्यूमेंट्स थे। तभी उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति से 700 रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है। इससे उसे शक हो गया और उससे पूछताछ शुरू कर दी। इससे मुलाजिम घबरा गया। उसने पहले तो गलती मानी लेकिन बाद में झूठी कहानियां बनाने लगा कि मैं किसी बाइक सवार का पीछा करते हुए आया था। यह जानकर भीड़ ने उसे घेर लिया। कुछ समय बाद लोगों ने पुलिस बुला ली। हालांकि जब मुलाजिम लोगों से उलझने लगा तो गुस्साई भीड़ ने उसकी छित्तर परेड कर दी। इसके बाद लांबड़ा थाने से पुलिस पहुंची और उसे छुड़ाकर थाने ले गई। इस दौरान आरोपी का एक और साथी वहां नजर आया लेकिन लोगों का गुस्सा देखकर वह कार में बैठकर वहां से भाग निकला (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)