पंजाब चंडीगढ़ में पड़ रही तेज धूप और ड्राई मौसम की वजह से गर्मी बढ़ रही है। तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया है। गत 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। यह अब सामान्य के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज मौसम पूरी तरह से ड्राई रहेगा। किसी तरह का अलर्ट नहीं है। जबकि 26 को बिजली चमकने, आंधी और तेज हवाएं चलने संबंधी यलो अलर्ट है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। सबसे अधिक तापमान 30 डिग्री रूपनगर में दर्ज किया गया है, जबकि चंडीगढ़ में 29 डिग्री तापमान रहा है। 26 मार्च से बदलेगा मौसम मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू के आसपास आसमान में एक मौसम बदलने वाला सिस्टम बना हुआ है और पाकिस्तान की तरफ भी ऐसा ही एक असर दिख रहा है, वहीं ऊपर काफी ऊंचाई पर तेज रफ्तार हवाएं चल रही हैं। इन सबका असर यह होगा कि 26 मार्च से मौसम बदलना शुरू होगा और फिर 29 मार्च के आसपास एक और बदलाव आएगा, जिससे बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक होने की संभावना है। सारे जिलो का तापमान 25 डिग्री पार पंजाब के प्रमुख इलाकों में तापमान की बात करें तो भाखड़ा बांध (रूपनगर) में सबसे अधिक 30.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ और पटियाला में 29.7 डिग्री, फिरोजपुर KVK में 29.6 डिग्री, श्री आनंदपुर साहिब में 29.3 डिग्री और लुधियाना में 29.0 डिग्री तापमान रहा। इसके अलावा मोहाली में 28.6 डिग्री, रोपड़ KVK में 28.5 डिग्री, होशियारपुर में 27.9 डिग्री, अमृतसर में 27.8 डिग्री, KVK पठानकोट में 27.3 डिग्री, सलेरन (होशियारपुर) में 27.0 डिग्री और थीन डैम (पठानकोट) में 26.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। चार दिन तापमान बढ़ेगा मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि राज्य में 25, 26 और 28 मार्च को अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि 29 मार्च को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।