पंजाब-चंडीगढ़ में आज शाम से बदलेगा मौसम:8 जिलों में बारिश की संभावना; दिन में गर्मी बढ़ी, गुरदासपुर में 31.5 डिग्री तापमान दर्ज

पंजाब और चंडीगढ़ में आज (बुधवार) शाम से मौसम बदलने वाला है। राजस्थान और हरियाणा से जुड़े कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। जबकि कल (गुरुवार को) पूरा दिन आंधी और तेज हवाओं का यलो अलर्ट है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की वृद्धि हुई है। यह अब सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 31.5 डिग्री गुरदासपुर में दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, एक नया पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ आ रहा है। यह आगे बढ़ रहा है। इस वजह से आज शाम को मौसम बदलेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पठानकोट, फाजिल्का, मुक्तसर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, मानसा में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। सभी जिलों का तापमान 25 डिग्री से अधिक राज्य में सभी जिलों का अधिकतम तापमान 25 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है और ज्यादातर जगहों पर तापमान 27 डिग्री से 31 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिसमें सबसे ज्यादा तापमान 31.5 डिग्री गुरदासपुर में रिकॉर्ड किया गया। चंडीगढ़ में 29.4 डिग्री, अमृतसर 28.1 डिग्री, लुधियाना 29.6 डिग्री, पटियाला 30.2 डिग्री, फरीदकोट 30.0 डिग्री, एसबीएस नगर 27.2 डिग्री, फाजिल्का (अबोहर) 30.6 डिग्री, फिरोजपुर 30.7 डिग्री, होशियारपुर 27.7 और 27.2 डिग्री, मोहाली 29.3 डिग्री, पठानकोट 27.9 और 27.2 डिग्री, रोपड़ 28.4 डिग्री और रूपनगर में 30.2 डिग्री (भाखड़ा बांध) व 29.4 डिग्री (श्री आनंदपुर साहिब) दर्ज किया गया, जिससे साफ है कि पूरे राज्य में गर्मी का असर बना हुआ है। आने वाले दिनों में ऐसे बदलेगा मौमस अभी मौसम में बदलाव का दौर चल रहा है। जो पश्चिमी विक्षोभ जम्मू के आसपास सक्रिय था, वह अब कमजोर पड़कर आगे निकल गया है, इसलिए फिलहाल उसका असर कम हो गया है। हालांकि ऊपरी स्तर पर तेज हवाएं अब भी बनी हुई हैं। आने वाले दिनों में फिर से मौसम बदलने वाला है। 26 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा और इसके बाद 28 मार्च की रात से दूसरा सिस्टम भी सक्रिय होगा। इन दोनों सिस्टम के कारण क्षेत्र में बारिश, तेज हवा और कहीं-कहीं बिजली गिरने की संभावना है। तापमान में भी थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। कुल मिलाकर, अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहेगा। तीन दिन तापमान बढ़ेगा मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरिंदर पाल के मुताबिक 25, 26 और 28 तारीख को राज्य में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 29 और 30 तारीख को भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। जबकि अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4°C की बढ़ोतरी और उसके बाद गिरावट आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *